1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. बीजापुर में नक्सलियों ने मचाया आतंक, स्कूली छात्र समेत तीन को गला घोंटकर मार डाला

बीजापुर में नक्सलियों ने मचाया आतंक, स्कूली छात्र समेत तीन को गला घोंटकर मार डाला

 Published : Jun 19, 2025 07:30 pm IST,  Updated : Jun 19, 2025 10:08 pm IST

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने भयानक आतंक मचाया है। नक्सलियों ने स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की गला घोंटकर हत्या कर दी है। पुलिस ने गुरुवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी है।

bijapur naxalites killed 3 people- India TV Hindi
बीजापुर में नक्सलियों ने 3 लोगों की हत्या की। (सांकेतिक फोटो) Image Source : ANI

भारत सरकार ने 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। सुरक्षाबल इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए दिन-रात ऑपरेशन चला रहे हैं। बीते कुछ महीनों में सुरक्षाबलों की कार्रवाई में सैकड़ों नक्सली मारे गए हैं और बड़ी संख्या में नक्सलियों ने सरेंडर भी किया है। हालांकि, इसके बावजूद नक्सली छुपकर खतरनाक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अब छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी है। नक्सलियों के इस कृत्य से हर कोई हैरान हो गया है।

सरेंडर करने वाले नक्सली के रिश्तेदार थे दो मृतक

पुलिस ने गुरुवार को बीजापुर में नक्सलियों द्वारा की गई हत्याओं के बारे में जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड को मंगलवार को अंजाम दिया गया। नक्सलियों ने जिन्हें मारा उनमें से दो लोग माओवादी दिनेश मोडियाम के रिश्तेदार थे। आपको बता दें कि दिनेश मोडियाम ने इसी साल मार्च महीने में पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, ये घटना 17 जून को गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पेद्दाकोरमा में घटी है। नक्सलियों ने 45 वर्षीय जुगनू मोडियाम, 21 वर्षीय सोमा मोडियाम और 13 वर्षीय अनिल माडवी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी है। 

अगले दिन शव बरामद

बस्तर क्षेत्र के IG पी सुंदरराज ने बताया है कि घटना के अगले दिन तीनों का शव बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के कारण के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। एक ग्रामीण के मुताबिक, मृतक सोमा मोडियाम ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी और वह कॉलेज में एडमिशन की तैयारी कर रहा था और सरकारी नौकरी की परीक्षा के लिए आवेदन भी कर रहा था। वहीं, अनिल माडवी सातवीं कक्षा का छात्र था और आगे चलकर डॉक्टर बनना चाहता था।

इस तरह की बेरहमी से हत्या

ग्रामीणों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, करीब 80 नक्सलियों ने गांव पर धावा बोला था। नक्सलियों दोनों छात्रों को उनके घरों से घसीटकर बाहर निकाला। इसके बाद दोनों के हाथ बांध दिए गए। फिर कुछ दूर ले जाकर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई।

आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में बीते 1.5 सालों में नक्सलवाद के खिलाफ बड़े स्तर पर ऑपरेशन चलाया गया है। सुरक्षाबलों के अभियान में 400 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। वहीं, 1400 से ज्यादा नक्सलियों ने सरेंडर किया है। मारे गए नक्सलियों में संगठन के शीर्ष नेता महासचिव बसवा राजू और सेंट्रल कमेटी सदस्य सुधाकर जैसे कुख्यात भी शामिल हैं। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: महिला समेत दो नक्सली ढेर, एक पर था 5 लाख का इनाम

बस्तर: नक्सलियों के आईईडी की चपेट में आए सुरक्षाबलों के जवान, एडिशनल एसपी शहीद, कई जवान घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।