छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जंगली हाथी के हमले में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की दुखद मौत हो गई। यह घटना शनिवार शाम को धमतरी वन रेंज के लिलार गांव में हुई। रविवार को वन विभाग के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान देवचरण निषाद के रूप में हुई है, जो एक अन्य ग्रामीण के साथ खेत की ओर जा रहा था।
मृतक के परिजनों को सहायता राशि
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि दोनों ने अचानक एक हाथी को देखा। दूसरा व्यक्ति तो भागने में सफल रहा, लेकिन हाथी ने निषाद को कुचलकर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के तौर पर 25,000 दिए हैं। शेष मुआवजा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ में हाथियों के हमलों में 320 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
बीजापुर में 13 नक्सलियों ने किया सरेंडर
एक अन्य खबर में, बीजापुर जिले में कुल 22 लाख रुपये के इनामी 10 माओवादियों समेत 13 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने सरेंडर किया है। सरेंडर करने वालों में नक्सलियों के ‘कंपनी नंबर दो’ की पार्टी सदस्य देवे मुचाकी ऊर्फ प्रमिला (21) के सिर पर 8 लाख रुपये, एरिया कमेटी सदस्य कोसा ओयाम ऊर्फ राजेंद्र (29) के सिर पर पांच लाख रुपये, कोसी पोड़ियाम (27) के सिर पर दो लाख रुपये और सम्मी सेमला (23), छोटू परसीक (25), मोती ताती (24), सुनीता हेमला (23), मंजुला कुंजाम (27), सायबो पोड़ियम (18) और हुंगी उण्डम ऊर्फ राधा (21) के सिर पर एक-एक लाख रुपये का इनाम है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
घुसपैठ! राजौरी में BSF ने पाकिस्तानी नागरिक को किया गिरफ्तार, 20 हजार पाक करेंसी भी बरामद