1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ में पहले चरण का पंचायत चुनाव कल, सभी तैयारियां पूरी

छत्तीसगढ़ में पहले चरण का पंचायत चुनाव कल, सभी तैयारियां पूरी

 Edited By: Amar Deep
 Published : Feb 16, 2025 10:05 pm IST,  Updated : Feb 16, 2025 10:05 pm IST

छत्तीसगढ़ में सोमवार को पहले चरण का पंचायत चुनाव होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले चरण में 27,210 वार्ड पंच, 3,605 सरपंच, 911 जनपद पंचायत सदस्य और 149 जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए मतदान होना है।

सोमवार को होगा पहले चरण का पंचायत चुनाव।- India TV Hindi
सोमवार को होगा पहले चरण का पंचायत चुनाव। Image Source : PTI/FILE

रायपुर: छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के 53 विकास खंडों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का पहला चरण सोमवार को होगा। एक अधिकारी ने रविवार को इस बारे में जानकारी दी। पंचायत चुनाव पार्टी लाइन पर नहीं होते हैं। अधिकारी ने बताया कि कुल मिलाकर 57,99,660 मतदाता पहले चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे, जिनमें 28,70,859 पुरुष, 29,28,751 महिलाएं और तृतीय लिंग श्रेणी के 50 मतदाता शामिल हैं। 

सभी तैयारियां पूरी

एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया, ‘‘पहले चरण में 27,210 वार्ड पंच, 3,605 सरपंच, 911 जनपद पंचायत सदस्य और 149 जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।’’ उन्होंने बताया कि पहले चरण के लिए 53 विकास खंडों में 9,873 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान कर्मी अपने-अपने गंतव्यों पर पहुंचने लगे हैं। राज्य में पंचायत के चुनाव तीन स्तरों पर होते हैं। इनमें ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत (ब्लॉक) और जिला पंचायत (जिला) शामिल हैं। 

तीन चरणों में होगा चुनाव

अधिकारी ने बताया कि पहले चरण में वार्ड पंच के लिए 60,203, सरपंच के लिए 14,646, जनपद पंचायत सदस्यों के लिए 4,587 और जिला पंचायत सदस्यों के लिए 702 उम्मीदवार मैदान में हैं। सात जिलों वाले बस्तर संभाग में नक्सली खतरे के कारण मतदान का समय सुबह 6.45 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा, जबकि अन्य जगहों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। पुलिस के अनुसार बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा गश्त बढ़ा दी गई है। दूसरे और तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी और 23 फरवरी को होना है। 

बैलेट पेपर से होगा मतदान

मतदान के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक चरण में वोट डाले जाने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर मतगणना होगी। राज्य में हाल में हुए शहरी निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज की। शनिवार को परिणाम की घोषणा की गई। भाजपा ने सभी दस नगर निगमों में महापौर पद जीते। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

ससुराल वालों ने महिला को जबरन लगाए HIV संक्रमित इंजेक्शन, दहेज के लिए किया प्रताड़ित

माओवादियों के गढ़ में CRPF ने लगाया नया शिविर, पूरी तरह से सफाया करने का प्लान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।