1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़: 6 महिला पंचों की जगह उनके पतियों ने ली शपथ, VIDEO वायरल होने पर जांच के आदेश

छत्तीसगढ़: 6 महिला पंचों की जगह उनके पतियों ने ली शपथ, VIDEO वायरल होने पर जांच के आदेश

 Published : Mar 04, 2025 09:17 pm IST,  Updated : Mar 04, 2025 09:17 pm IST

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक अनूठा मामला सामने आया है। यहां चुनाव में 6 महिलाएं जीतीं, लेकिन शपथ उनके पतियों ने ले ली। अब इस अजब-गजब शपथ ग्रहण का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इधर मामले को तूल पकड़ता देख जिला पंचायत CEO ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

6 महिला पंचों की जगह...- India TV Hindi
6 महिला पंचों की जगह उनके पतियों ने शपथ ली। Image Source : SOCIAL MEDIA

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के एक गांव में नवनिर्वाचित 6 महिला पंचों के पतियों ने उनकी जगह पद की शपथ ली, जिसके बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। घटना सोमवार को पंडरिया विकासखंड के परसवारा ग्राम पंचायत में हुई। कबीरधाम जिला पंचायत के सीईओ अजय त्रिपाठी ने बताया कि परसवारा गांव में पंचायत प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद पंडरिया जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

प्रशासन ने जांच के आदेश दिए

त्रिपाठी ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में हाल ही में संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण सोमवार को उनके संबंधित क्षेत्रों में पहली बैठक के दौरान हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, परसरवारा ग्राम पंचायत में चुने गए 11 वार्ड पंचों में छह महिलाएं शामिल हैं, जबकि सरपंच पुरुष है। पंचायत सचिव ने इन छह महिला पंचों की जगह उनके पतियों और अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों को पद की शपथ दिलाई। वीडियो में सभी पुरुष सदस्यों को शपथ लेते देखा जा सकता है।

महिला सशक्तिकरण का मजाक

कुछ स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस घटना को महिला सशक्तिकरण का मजाक करार दिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो यह गलत उदाहरण पेश करेगा और इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा मिल सकता है। भारतीय जनता पार्टी की भावना बोहरा पंडरिया विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

छत्तीसगढ़ सरकार ने 1,65,000 करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जानें किसे क्या मिला

सैम पित्रोदा के बयान पर भड़के छत्तीसगढ़ के सीएम, कहा- ‘कांग्रेस देश के दुश्मनों के साथ है’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।