रायपुर: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर इस बार खास आयोजन हो रहा है। 17 सितंबर को इस मौके पर छत्तीसगढ़ में 36 लाख 'आशीर्वाद के दीये' जलाए जाएंगे। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और ऊर्जावान जीवन की कामना के लिए पूरे प्रदेश में यह अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत राज्य के प्रत्येक मतदान केंद्र यानी बूथ पर कम से कम 100 दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है।
सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का व्यापक जनांदोलन
विजय शर्मा ने यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह अभियान मात्र एक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का व्यापक जनांदोलन बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के संवैधानिक पद (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के पद) पर रहते हुए 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' और 'सेवा पखवाड़ा' के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान में हर गांव, शहर, बूथ और परिवार की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। हर एक बूथ पर हर परिवार दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा समर्पण के प्रति आभार प्रकट करने के साथ ही 'विकसित भारत 2047' का संकल्प लेगा।
प्रमुख चौराहों पर एक विशेष मशाल स्थापित की जाएगी
शर्मा ने बताया कि सात अक्टूबर को जिला मुख्यालयों के प्रमुख चौराहों पर एक विशेष मशाल स्थापित की जाएगी। सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के सरकार प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे हो रहे है, इस दिन प्रमुख चौकों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी जिसके माध्यम से प्रधानमंत्री देश के सभी जिला केंद्रों को एक साथ संबोधित करेंगे। इस दौरान युवाओं की एक विशेष यात्रा प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर (गुजरात) से उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक निकाली जाएगी। यह यात्रा विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए छत्तीसगढ़ के कवर्धा और कोरिया समेत कई क्षेत्रों में पहुंचेगी। अभियान के तहत 'वडनगर से वाराणसी' (जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा) कार्यक्रम होगा।
'सेवा के रंग' रंगोली प्रतियोगिता
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सेवा के रंग' रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख संस्थानों और घरों में 25 वर्षों के विकास कार्यों और सेवा भाव पर आधारित रंगोली प्रतियोगिताएं और प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। शर्मा ने बताया कि जनसेवक महाकुंभ कार्यक्रम के तहत पंच से लेकर संसद तक के सभी चुने हुए जनप्रतिनिधियों का एक राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। '25 साल की 25 कहानियां' कार्यक्रम के तहत विगत 25 वर्षों में देश के बड़े बदलावों, निर्णयों (जैसे धारा 370 हटाना) और बड़े निर्माण कार्यों (चिनाब ब्रिज, अटल टनल, सरदार सरोवर) को कहानियों के माध्यम से समाज और युवाओं के बीच प्रस्तुत किया जाएगा। (भाषा)
ये भी पढ़ें:
10 हजार रुपये के लिए बिक गया अधिकारी, ACB ने रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ा