महासमुंद: पिथौरा थाना क्षेत्र के आरोपी मनीष अग्रवाल के मुड़पार सरसीवां स्थित मकान में पुलिस ने दबिश दी और तलाशी के दौरान पुलिस ने 81 लाख रुपये नकद बरामद किया है। इतने सारे रुपये मनीष अग्रवाल के घर में एक थैले में रखे थे। पुलिस को थैले में 500 रुपये के 16,200 नोटों की 162 गड्डियां मिलीं। पुलिस ने बताया कि यह पैसा फर्जी NOC के जरिए खैर की लकड़ी के अवैध परिवहन से जुटाई गई थी। इस मामले में फर्जी एनटीपीएस और एनओसी के उपयोग का मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण में 23,350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन की जांच की जा रही है।
थाना पिथौरा में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 172/2026 पंजीबद्ध किया गया है और जब्त किए गए 81 लाख रुपये को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए कार्रवाई शुरू की गई है। बीएनएसएस की धारा 107 के तहत रकम की कुर्की के लिए न्यायालय में आवेदन किया जाएगा। महासमुंद पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी है। महासमुंद पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि नोटों के बंडल जो मकान से बरामद किए गए हैं, वो सभी बंडल 500 नोटों के हैं, मौके से कुल 162 बंडल 500 के नोटों के मिले हैं। जब्त नोटों के बंडल को गिनने में पुलिस को कई घंटे लगे।
देखें वीडियो
पुलिस को जानकारी मिली तो पूरी टीम ने आरोपी मनीष अग्रवाल के मुड़पार स्थित मकान की तलाशी के लिए कोर्ट से सर्च वारंट लिया और फिर पुलिस टीम ने मुड़पार गांव स्थित मकान में तलाशी ली। नकदी बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में शामिल संभावित गिरोह के बारे में भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस फर्जी दस्तावेजों के तार कहां-कहां तक जुड़े हैं, पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रकम किसी अवैध गतिविधि से जुड़ी है या नहीं। प्रकरण में 23,350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन के लिए एनओसी में कूटरचना और धोखाधड़ी के आरोपों की जांच की जा रही है।
(छत्तीसगढ़ से सिकंदर खान की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
10 हजार रुपये के लिए बिक गया अधिकारी, ACB ने रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ा