1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ चुनावों में प्रियंका गांधी का बड़ा दांव, ‘मुफ्त बिजली’ समेत जनता से किए ये 8 वादे

छत्तीसगढ़ चुनावों में प्रियंका गांधी का बड़ा दांव, ‘मुफ्त बिजली’ समेत जनता से किए ये 8 वादे

 Published : Oct 31, 2023 07:58 am IST,  Updated : Oct 31, 2023 07:58 am IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर उनकी सराकर सूबे की सत्ता में एक बार फिर आती है तो 8 बड़ी योजनाएं लागू की जाएंगी।

Chhattisgarh Election, Chhattisgarh Elections, Chhattisgarh Election News- India TV Hindi
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लगातार सक्रिय हैं। Image Source : PTI

खैरागढ़/बिलासपुर: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने छत्तीसगढ़ की जनता से वादा किया है कि राज्य में पार्टी की सरकार बरकरार रहने पर ‘महतारी न्याय योजना’ लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्रति गैस सिलेंडर की रिफिल करने पर 500 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी तथा राज्य में 200 यूनिट तक बिजली भी मुफ्त दी जाएगी। प्रियंका ने खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के जालबांधा गांव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए महिलाओं, आम जनता और किसानों के लिए 8 बड़ी घोषणाएं कीं।

प्रियंका गांधी ने की ये 8 बड़ी घोषणाएं

  1. छत्तीसगढ़ की माताओं बहनों के लिए महतारी न्याय योजना लागू करेंगे, प्रति सिलेंडर की रिफिल करने पर 500 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।
  2. छत्तीसगढ़ में हर घर को 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी।
  3. महिला स्व-सहायता समूहों के तथा सक्षम योजना के अंतर्गत लिए गए कर्ज माफ किए जाएंगे।
  4. आने वाले सालों में 700 नए ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की स्थापना की जाएगी।
  5. राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश और हिंदी मीडियम स्कूलों में अपग्रेड किया जाएगा।
  6. छत्तीसगढ़ के निवासियों के सड़क दुर्घटनाओं में तथा अन्य आकस्मिक दुर्घटनाओं में घायल होने पर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत नि:शुल्क इलाज किया जाएगा।
  7. परिवहन व्यवसाय से जुड़े 6,600 से अधिक वाहन मालिकों के वर्ष 2018 तक के 726 करोड़ राशि के बकाया मोटरयान कर और कर्ज के ब्याज को माफ किया जाएगा।
  8. छत्तीसगढ़ के किसानों से 'तिवरा' फसल को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।

‘मुझे एमपी की जनता खुश नहीं दिखी’

प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें बुखार है लेकिन जनता की खुशी देखकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि वह पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश गई थीं लेकिन वहां की जनता खुश नहीं थी। प्रियंका गांधी ने कहा, ‘खैरागढ़ राजपरिवार और गांधी-नेहरू परिवार के बीच हमेशा से अच्छे रिश्ते रहे हैं और मुख्यमंत्री बघेल ने कांग्रेस की तरफ से उस रिश्ते को निभाते हुए खैरागढ़ को जिला बनाने की मांग पूरी की। मध्य प्रदेश की सरकार ने 22000 घोषणाएं कीं, लेकिन एक को भी पूरा नहीं किया बल्कि 220 घोटाले कर दिए। मध्य प्रदेश में बीजेपी 18 साल से सत्ता में है लेकिन उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया।’

‘एमपी से रेप की रोज 17 खबरें आती हैं’

मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार पर बरसते हुए प्रियंका ने आगे कहा, ‘मध्य प्रदेश महिलाओं पर हिंसा सबसे ज्यादा होती है। मध्य प्रदेश में बलात्कार की प्रतिदिन 17 खबरें आती हैं। चुनाव से 2 महीने पहले उन्होंने लाड़ली बहना योजना शुरू की और महिलाओं के खाते में कुछ पैसे डाले। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में किसानों, महिलाओं, आदिवासियों, दलितों सभी के लिए काम किया।’ छत्तीसगढ़ के बस्तर में मोटे अनाज की पैदावार पर बोलते हए प्रियंका ने कहा कि पहले बस्तर नक्सली समस्या के लिए जाना जाता था लेकिन आज वह मिलेट यानी मोटे अनाज के उत्पादन के लिए जाना जाता है।

खैरागढ़ में 7 नवंबर को डाले जाएंगे वोट

बता दें कि खैरागढ़ छत्तीसगढ़ की उन 20 विधानसभा सीटों में से एक है जहां 7 नवंबर को पहले भेज में वोटिंग होगी। बाकी की 70 सीटों पर दूसरे फेज में 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। कांग्रेस ने खैरागढ़ सीट से मौजूदा विधायक यशोदा वर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। चुनावों से पहले हुए ओपिनियन पोल में कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में वापसी करती हुई दिख रही है लेकिन इस बार की जीत पिछले चुनावों की तरह प्रचंड होने की उम्मीद नहीं है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।