छत्तीसगढ़ के दुर्ग में फॉर्च्यूनर की रफ्तार का कहर देखने को मिला है। फॉर्च्यूनर ने साइकिल सवार दो बच्चों को कुचल दिया। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि दूसरा वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। ये रोड क्रॉस करते समय हुआ। एक्सीडेंट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मामला अमलेश्वर थाना अंतर्गत का है।
तेज रफ्तार में जा रही थी फॉर्च्यूनर
जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चे की पहचान टकेश्वर साहू के रूप में हुई है। जबकि उसके घायल दोस्त का नाम प्रहलाद है। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर पाटन से रायपुर की तरफ जा रही थी। हादसे के बाद फॉर्च्यूनर सवार अपनी गाड़ी से बच्चों को अस्पताल ले गया। फिलहाल गाड़ी को थाने में खड़ा कराया गया है।
यहां देखें वीडियो
फॉर्च्यूनर की स्पीड इतनी तेज थी कि दोनों बच्चे घटना स्थल से काफी दूर जा गिरे। वीडियो देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि एक्सीडेंट कितना भयानक रहा होगा।
तीन मजदूरों की मौत
इससे पहले अभी हाल में ही बेमेतरा जिले में सड़क दुर्घटना में पश्चिम बंगाल निवासी तीन मजदूरों की मृत्यु हो गई है और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कारेसरा गांव के करीब छोटे मालवाहक वाहन (टाटा एस) और ट्रक के बीच हुई टक्कर में टाटा एस सवार तीन लोगों पंकज सिंह राजपूत (32), मनोरंजन सिंह (32) और प्रशांता धाड़ा (25) की मृत्यु हो गई और शुभाशीष चक्रवर्ती और वाहन चालक अजय विश्वकर्मा घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि कंडरापारा बेमेतरा में सुदर्शन रजक की फूलों की दुकान है, जहां पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले के निवासी राजपूत, सिंह, धाड़ा और चक्रवर्ती पिछले माह से कार्य कर रहे थे।
रिपोर्ट- सिकंदर