जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी तीन साल की भतीजी की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी। जशपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि घटना बुधवार दोपहर बागबहार थाना क्षेत्र के छतासराई गांव में हुई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी रामप्रसाद नाग (35) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घर पर अकेली थी बच्ची
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बच्ची खुशी जब घर में अकेली थी, उसी समय उसके चाचा ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। इससे बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान बच्ची के पिता राजाराम नाग अपने घर के पास ही मवेशी चरा रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब बच्ची के परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नरबलि की अफवाह
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद गांव में मानव बलि के लिए बालिका की हत्या किए जाने का अफवाह फैल गई। हालांकि पुलिस ने इस बात का खंडन किया है। जशपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया, ‘‘कुछ ग्रामीण इस घटना के बारे में मानव बलि की बेबुनियाद अफवाह फैला रहे थे। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अपराध के पीछे पारिवारिक विवाद है।’’ शशिमोहन सिंह ने बताया, ‘‘जानकारी मिली है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। इस तथ्य की जांच की जा रही है।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
मुजफ्फरनगर में शादी समारोह के दौरान दो समूहों में झड़प, 7 लोग घायल, 15 से अधिक पर केस दर्ज