1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. इन 14 गांवों में पहली बार फहराया जाएगा तिरंगा, जानें अब तक क्यों नहीं हुआ था ऐसा

इन 14 गांवों में पहली बार फहराया जाएगा तिरंगा, जानें अब तक क्यों नहीं हुआ था ऐसा

 Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Aug 14, 2025 05:58 pm IST,  Updated : Aug 14, 2025 05:58 pm IST

देश के इन 14 गांवों में इस स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा। नक्सली डर के कारण यहां अब तक ऐसा नहीं हो सका था। हालांकि इस बार लोग उत्साह के साथ आजादी का पर्व मना रहे हैं।

Tiranga. Tricolor, Bastar, Chhattisgarh- India TV Hindi
पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे को फहराया जाएगा। Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL

रायपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर इलाके के 14 दूरदराज के गांवों में इस बार आजादी का पर्व कुछ खास होगा। इन गांवों में पहली बार तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। बता दें कि बस्तर के इन गांवों में आजादी के बाद से अब तक ऐसा कोई आयोजन नहीं हुआ था। नक्सलियों के खौफ से जकड़े इन गांवों में अब सुरक्षा बलों के नए कैंपों ने उम्मीद की किरण जगाई है। लोग पूरे जोश और उत्साह के साथ 15 अगस्त की तैयारियों में जुटे हैं।

क्या हैं इन 14 गांवों के नाम?

पुलिस के मुताबिक, बीजापुर जिले के गुंजेपर्ती, पुजारीकांकेर, भीमाराम, कोरचोली और कोटपल्ली गांव, नारायणपुर जिले के कुतुल, बेड़माकोटी, पदमकोट, कांदुलनार, नेलांगुर, पांगुर और रायनार तथा सुकमा जिले के उसकावाया और नुलकातोंग में शुक्रवार को तिरंगा फहराया जाएगा। इसके अलावा, 15 अन्य गांवों में, जहां इस साल गणतंत्र दिवस पर पहली बार तिरंगा लहराया गया था, वहां भी स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया जाएगा।

नक्सलियों का डर हुआ कम

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया, 'इन गांवों के पास नए सुरक्षा कैंप स्थापित होने से नक्सलियों का प्रभाव कम हुआ है। पहले नक्सली स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर काले झंडे फहराते थे, लेकिन अब ऐसी घटनाएं लगभग खत्म हो चुकी हैं। इस बार इन गांवों में तिरंगा पूरे गर्व और जोश के साथ लहराया जाएगा। 15 अगस्त का यह दिन बस्तर के लिए ऐतिहासिक होगा। जहां पहले डर और खौफ का माहौल था, वहां आज लोग खुशी और उत्साह के साथ आजादी का जश्न मना रहे हैं।'

सुरक्षाबलों ने जगाई उम्मीद

सुंदरराज ने बताया कि सुरक्षाबलों की मेहनत और नए कैंपों की स्थापना ने इन गांवों में बदलाव लाया है। इन कैंपों ने न सिर्फ सुरक्षा का माहौल बनाया, बल्कि लोगों में भरोसा और उम्मीद भी जगाई है। गांववाले और जवान मिलकर उत्सव की तैयारियां कर रहे हैं, जो प्रशासन, सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों के बीच बढ़ते भाईचारे को दर्शाता है। उन्होंने कहा, 'यह स्वतंत्रता दिवस बस्तर को भारत के नक्शे पर और चमकाएगा। यह सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में आजादी की भावना का प्रतीक है।'

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पुलिस ने बताया कि बस्तर रेंज में स्वतंत्रता दिवस के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स, स्पेशल टास्क फोर्स और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल लगातार गश्त और क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन कर रहे हैं। खास तौर पर नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा को और मजबूत किया गया है। बता दें कि राज्य सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के लिए राजधानी रायपुर सहित सभी जिलों में तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में सुबह तिरंगा फहराएंगे और विभिन्न सुरक्षा बलों की टुकड़ियों से सलामी लेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।