1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ में रोपवे टूटने से एक महिला की मौत, 7 घायल; खल्लारी माता मंदिर में पूजा करने गए थे लोग

छत्तीसगढ़ में रोपवे टूटने से एक महिला की मौत, 7 घायल; खल्लारी माता मंदिर में पूजा करने गए थे लोग

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Mar 22, 2026 01:14 pm IST,  Updated : Mar 22, 2026 01:31 pm IST

छत्तसीगढ़ के महासमुंद जिले में एक रोपवे टूट जाने से एक महिला की मौत हो गई है, जबकि सात लोग घायल हैं। बताया जा रहा है कि खल्लारी माता मंदिर में दर्शन के लिए यह सभी श्रद्धालु आए हुए थे। सीएम साय ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

महासमुंद में रोपवे टूटने से हुआ हादसा। - India TV Hindi
महासमुंद में रोपवे टूटने से हुआ हादसा। Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE

महासमुंद: इस वक्त की बड़ी खबर छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से सामने आ रही है। यहां खल्लारी माता मंदिर में पूजा करने गए श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया है। खल्लारी गांव में रोपवे टूटने से इसमें सवार एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई है, जबकि सात अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं सीएम विष्णु देव साय ने भी इस हादसे पर दुख जताया है और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। 

रोपवे की ट्रॉली में सवार थे 8 लोग

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि रविवार को छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक पहाड़ी मंदिर के आधार की ओर उतरते समय रोपवे ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह 10 बजे के कुछ ही देर बाद हुई, जब ट्रॉली मंदिर के आधार की ओर उतर रही थी और उसमें सवार आठ लोगों को उतारने के दौरान उसका तार टूट गया।

घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

अधिकारियों के मुताबिक पीड़ित नवरात्रि उत्सव के दौरान बागबाहरा क्षेत्र के खल्लारी गांव में स्थित खल्लारी माता मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। अधिकारी ने बताया कि रायपुर निवासी 28 वर्षीय आयुषी सातकार की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की जांच जारी है।

सीएम साय ने हादसे पर जताया दुख

सीएम विष्णु देव साय ने इस हादसे पर दुख जताया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोप-वे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। इस घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। खल्लारी माता से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

यह भी पढ़ें-

मुस्लिम युवकों ने मंदिर के पास की इफ्तारी, झील में फेंके मांस के अवशेष; भड़के लोग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।