ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में शनिवार को एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। यहां मंचेश्वर थाना क्षेत्र के गाड़कन स्थित ओम साईं विहार अपार्टमेंट परिसर में 54 वर्षीय एक व्यक्ति की अवैध संबंध के शक में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुशील कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में 45 साल के नीलकंठ मोहंती को गिरफ्तार कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
मंदिर से लौटते समय किया हमला
जानकारी के मुताबिक, सुशील कुमार सिंह शनिवार को पास के एक मंदिर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नीलकंठ मोहंती ने उनका पीछा किया और अपार्टमेंट परिसर के अंदर पहुंचकर उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सुशील को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाने का मौका भी नहीं मिल पाया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि हत्या के पीछे अवैध संबंध का विवाद ही मुख्य कारण है।
अवैध संबंध के शक में की हत्या
बताया जा रहा है कि नीलकंठ मोहंती को संदेह था कि उसकी पत्नी और सुशील कुमार सिंह के बीच कथित रूप से अवैध संबंध थे। दोनों एक ही इलाके ओम साईं विहार में रहते थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर में छिप गया था। हालांकि सूचना मिलने पर मंचेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कैपिटल अस्पताल भेज दिया। वहीं, साइंटिफिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची
भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीणा ने कहा, "मंचेश्वर थाना क्षेत्र में आज दिन में हमें सूचना मिली कि एक हत्या हुई है और धारदार हथियार से हमला किया गया है। इस आधार हथियार से गले पर और पेट पर कई बार हमला किया गया है। सूचना मिलते ही हमारी पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। मंचेश्वर थाना प्रभारी और एसीपी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। हमने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार किया है। 45 वर्षीय नीलकंठ महंती आरोपी हैं और 54 वर्षीय सुशील कुमार सिंह मृतक हैं। दोनों एक ही इलाके के रहने वाले हैं। बस्ती विस्थापन के बाद मिले फ्लैट में यह लोग रह रहे थे। इलाके का नाम ओम साईं विहार है जो गाड़कन क्षेत्र में है। अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी और मृतक के बीच अवैध संबंध है। इसी शक के कारण आरोपी के यह कदम उठाया और मृतक पर हमला किया। इसी हमले की वजह से मृतक की मृत्यु हुई है।"
सभी पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है और मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि अभी तक की जांच में अवैध संबंध को लेकर पैदा हुआ विवाद हत्या का संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे की जांच में अधिक जानकारी सामने आएगी। (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-
मौसा से था युवती का प्रेम संबंध, साथ जीने की चाह पूरी न हुई तो प्रेमी युगल ने खा लिया जहर; हुई मौत