1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. चचेरी नाबालिग बहन की हत्या कर शव सूटकेस में भरकर फेंका, पुलिस को हत्याकांड की भनक लगी तो हुआ खुलासा

चचेरी नाबालिग बहन की हत्या कर शव सूटकेस में भरकर फेंका, पुलिस को हत्याकांड की भनक लगी तो हुआ खुलासा

 Written By: Malaika Imam
 Published : Aug 18, 2026 03:53 pm IST,  Updated : Aug 18, 2026 03:59 pm IST

नाबालिग लड़की की उसके चचेरे भाई ने हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को सूटकेस में भरकर बुराड़ी के सुनसान इलाके में फेंक दिया। पकड़े जाने के बाद पुलिस को आरोपी ने हत्या की वजह पारिवारिक विवाद बताया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PIXABAY.COM

देश की राजधानी दिल्ली से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के चलते 17 वर्षीय लड़की की उसके चचेरे भाई ने हत्या कर उसके शव को सूटकेस में भरकर बुराड़ी के सुनसान इलाके में फेंक दिया। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बिहार का रहने वाला है और दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में रहकर राजमिस्त्री का काम करता है।

गुप्त सूचना से हुआ हत्याकांड का खुलासा

उपायुक्त (डीसीपी) शोभित डी. सक्सेना ने कहा कि हत्या का खुलासा तब हुआ जब जिला पुलिस के 'स्पेशल स्टाफ' को हत्या के बारे में गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम ने आरोपी को पकड़ा। उसने बाद में अपराध कबूल कर लिया और पुलिस को उस स्थान पर ले गया, जहां उसने शव को ठिकाने लगाया था। 

डीसीपी ने बताया कि राजमिस्त्री का काम करने वाला आरोपी बिहार से ताल्लुक रखता है और दिल्ली के मुकुंदपुर में रहता है। उन्होंने कहा, "हमारी टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध तरीके से सूटकेस लेकर बुराड़ी की ओर जा रहा है। टीम ने संदिग्ध को पूछताछ के लिए बुलाया और उसने कबूल किया कि उसने अपनी 17 वर्षीय चचेरी बहन की हत्या कर दी है और उसके शव को सूटकेस में पैक किया और सूटकेस को बुराड़ी इलाके में एक सुनसान जगह पर फेंक दिया।"

पारिवारिक विवाद बताया हत्या का कारण

आरोपी के खुलासे के बाद पुलिस बुराड़ी के अजीत विहार पहुंची और उस सूटकेस को बरामद किया, जिसमें लड़की का शव था। डीसीपी ने कहा कि मामला उत्तरी जिला पुलिस के संज्ञान में भी लाया गया। सक्सेना के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पारिवारिक विवाद के कारण लड़की की हत्या कर दी। 

हालांकि, पुलिस सूत्रों ने कहा कि प्रारंभिक जांच में इस बात की भी छानबीन की जा रही है कि क्या लड़की के किसी के साथ प्रेम संबंध के शक में उसकी हत्या की गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हत्या की सूचना पहले नहीं दी गई थी और गुप्त सूचना मिलने के बाद ही पुलिस को इसकी जानकारी हुई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और उम्मीद है कि रिपोर्ट से पुलिस को मौत के कारण और तरीके का पता लगाने में मदद मिलेगी। बुराड़ी पुलिस को सूचित कर दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। पिछले महीने दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक किराए के मकान से युवक और युवती की लाश मिली थी।

ये भी पढ़ें-

DU में फिर छात्र ने प्रोफेसर को मारा थप्पड़, आरोपी निलंबित, सुरक्षा को लेकर शिक्षकों का जोरदार प्रदर्शन

दरोगा का गला दबाया, पथराव और मारपीट; लखनऊ में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, 6 गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।