कोट्टायम: पश्चिम बंगाल के निवासी को पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या की और फिर उसके शव को अयारकुन्नम स्थित अपने घर के पास दफना दिया। आरोपी की पहचान सोनी एसके (31) के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के धारापारा का रहने वाला है। आरोपी अयारकुन्नम में श्रमिक के रूप में काम कर रहा था। पुलिस ने उसे एर्नाकुलम के एक रेलवे स्टेशन से उस समय हिरासत में लिया, जब वह अपने गृहनगर भागने का प्रयास कर रहा था।
हत्या के बाद शव को दफनाया
पुलिस के मुताबिक आरोपी सोनी एसके पर मुर्शिदाबाद निवासी अपनी पत्नी अल्पना खाथून (28) की हत्या करने और उसे अयारकुन्नम में एक निर्माणाधीन मकान के पास दफनाने का आरोप है। पति-पत्नी यहां काम करते थे। पुलिस के अनुसार, सोनी एसके ने 17 अक्टूबर को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें दावा किया गया था कि उसकी पत्नी तीन दिन पहले लापता हो गई थी। अपने बयान में सोनी ने कहा कि खाथून 14 अक्टूबर को सुबह करीब आठ बजे किराना का सामान खरीदने के लिए उनके साथ बाजार गई थी, लेकिन जब वह शाम करीब 6:30 बजे काम से वापस लौटा तो वह घर पर नहीं थी। पुलिस को संदेह हुआ क्योंकि उसने घटना की सूचना तीन दिन बाद दी।
फरार होने की फिराक में था आरोपी
पुलिस ने आरोपी सोनी एसके को शनिवार शाम चार बजे पूछताछ के लिए आने को कहा था, लेकिन उन्होंने सहयोग नहीं किया। वह अपने दो बच्चों के साथ पश्चिम बंगाल जाने वाली ट्रेन में सवार होने के लिए एर्नाकुलम चला गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए वापस अयारकुन्नम ले आई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोनी एसके ने निर्माण स्थल पर खाथून की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। उसने पहले उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया और बाद में उसका गला घोंट दिया। उन्होंने बताया कि उसने कथित तौर पर शव को कार्यस्थल के पास ही दफना दिया।
कब्र से बरामद किया गया शव
पुलिस के अनुसार, सोनी ने विवाहेतर संबंध के संदेह के कारण खाथून की हत्या की। पुलिस ने बताया कि इलाके में खुदाई के बाद शव बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि अपराध स्थल पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को पुलिस थाने ले जाया गया, जहां उसकी गिरफ्तारी दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि बाद में रिमांड प्रक्रिया के तहत उसे अदालत में पेश किया जाएगा। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
शाकाहारी ग्राहक को दे दी नॉनवेज बिरयानी, गुस्से में होटल मालिक की गोली मारकर की हत्या
UPI पेमेंट फेल होने पर घड़ी के बदले दिया समोसा, रेलवे के वेंडर ने किया शर्मनाक काम