1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बिहार चुनाव को लेकर MP में हुई बहस, JDU समर्थकों ने RJD समर्थक भांजे को कीचड़ में दबाकर मार डाला

बिहार चुनाव को लेकर MP में हुई बहस, JDU समर्थकों ने RJD समर्थक भांजे को कीचड़ में दबाकर मार डाला

 Edited By: Amar Deep
 Published : Nov 18, 2025 06:56 am IST,  Updated : Nov 18, 2025 06:56 am IST

बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर बहस के दौरान मध्य प्रदेश के गुना जिले में हत्या का एक मामला सामने आया है। यहां दो भाइयों ने आरजेडी समर्थक भांजे की हत्या कर दी है।

आरजेडी समर्थक की हत्या।- India TV Hindi
आरजेडी समर्थक की हत्या। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

गुना: बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद परिणाम आ गए हैं और अब वहां सरकार गठन की तैयारियां भी तेज से चल रही हैं। इन सबके बीच पटना से करीब 1000 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश में इसका असर देखने को मिला है। यहां बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर एक परिवार में हुई बहस खून-खराबे में तब्दील हो गई। पुलिस के मुताबिक बहस के दौरान माहौल इतना गरमा गया कि एनडीए के प्रमुख घटक जनता दल (यूनाइटेड) के दो समर्थक भाइयों ने राजद समर्थक अपने ही भांजे को कथित तौर पर कीचड़ में दबाकर मार डाला। 

शिवहर से मजदूरी करने आए थे गुना

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना कैंट थाना क्षेत्र की पुलिस लाइन के निर्माणाधीन परिसर की है। यहां बिहार के शिवहर जिले से मजदूरी करने आए शंकर मांझी (22) अपने दो परिचितों राजेश मांझी (25) और तूफानी मांझी (27) के साथ ठहरा हुआ था। उन्होंने बताया कि रिश्ते में राजेश और तूफानी, शंकर के मामा लगते हैं। उन्होंने बताया कि तीनों लगभग दो-तीन दिन पहले ही गुना पहुंचे थे और रोजमर्रा के काम में लगे थे। थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने बताया कि आरंभिक जांच में सामने आया कि शंकर राजद समर्थक था, जबकि उसके दोनों मामा जदयू की विचारधारा का समर्थन करते थे। 

शराब के नशे में हुई बहस

उन्होंने बताया कि सभी ने साथ शराब पी और नशे में बातचीत धीरे-धीरे आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को उकसाते रहे और मामला गाली-गलौज तक जा पहुंचा, जिससे स्थिति इस हद तक बिगड़ गई कि राजेश और तूफानी ने गुस्से में शंकर पर हमला कर दिया। भार्गव के मुताबिक मारपीट इतनी बढ़ गई कि दोनों मामाओं ने मिलकर शंकर को पास की कीचड़ भरी मिट्टी में घसीटा और उसका मुंह पानी एवं कीचड़ में दबा दिया तथा तब तक ऐसा किया जब तक कि उसकी सांसें बंद नहीं हो गईं। 

कीचड़ में दबाकर की हत्या

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंचकर युवक को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने बताया कि राजेश और तूफानी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि नशे में बहस इतनी बढ़ गई कि वे खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही उसके परिजनों को सूचना भेज दी है और आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

पुत्र मोह में फंसे लालू! करारी हार के बाद भी तेजस्वी पर जताया भरोसा, विधायक दल की बैठक में कही ये बात

दिल्ली ब्लास्ट मामले में एनआईए को बड़ी सफलता, आतंकी उमर का एक और साथी गिरफ्तार, हमास की तर्ज पर हमले की कर रहा था प्लानिंग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।