1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में मेडिकल स्टोर पर फायरिंग, कैशियर की मौत; देखें CCTV फुटेज

चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में मेडिकल स्टोर पर फायरिंग, कैशियर की मौत; देखें CCTV फुटेज

 Reported By: Puneet Pareenja Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jun 13, 2026 08:17 pm IST,  Updated : Jun 13, 2026 08:17 pm IST

चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में एक मेडिकल स्टोर पर अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने फायरिंग कर कैशियर जानकी दास की हत्या कर दी। घटना में लगभग 13 राउंड गोलियां चलीं। पुलिस और CFSL टीम जांच में जुटी है।

Chandigarh firing, Sector 11 Chandigarh shooting, Medical store shooting- India TV Hindi
चंडीगढ़ की दुकान में नकाबपोशों ने एक शख्स की हत्या कर दी। Image Source : REPORTER'S INPUT

चंडीगढ़: शहर के सेक्टर 11 स्थित एक मेडिकल स्टोर पर शनिवार दोपहर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में स्टोर के कैशियर जानकी दास की मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस और केंद्रीय फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी यानी कि CFSL की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि नकाबपोश बदमाशों ने कैशियर जानकी दास पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। बता दें कि घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

दुकान के अंदर जाकर कैशियर पर चलाई गोलियां

चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुमेर प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि इस वारदात में 2 नकाबपोश हमलावर शामिल थे, जिन्होंने दुकान के अंदर जाकर कैशियर पर गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि तीसरा व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बाहर इंतजार कर रहा था और तीनों वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। SSP के मुताबिक, 'यह घटना आज दोपहर 2:30 बजे हुई। 2 नकाबपोश व्यक्ति दुकान में आए और कर्मचारी जानकी दास पर लगातार गोलियां चलाईं। इसके बाद वे भाग निकले।'

दुकान मालिक को नहीं मिली थी कोई धमकी

सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि बाहर एक साथी मोटरसाइकिल पर इंतजार कर रहा था और तीनों साथ मिलकर फरार हो गए। उन्होंने यह भी बताया कि हमले में कुल 13 राउंड गोलियां चलाई गईं। मृतक जानकी दास धनास इलाके के रहने वाले थे और मेडिकल स्टोर में कैशियर के रूप में काम करते थे। दुकान मालिक को किसी तरह की कोई धमकी पहले से नहीं मिली थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच शुरुआती चरण में है और सभी संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। 

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल

घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं और अन्य तकनीकी जानकारी भी इकट्ठा की जा रही है। एसएसपी ने कहा, 'हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं। शहर में जगह-जगह नाकाबंदी कर दी गई है और आरोपियों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।' घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस सभी सुरागों को जोड़कर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

ये भी पढ़ें:

पति ने पत्नी की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया, पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

यूपी में अवैध संबंधों के विवाद में हत्या का खुलासा, पत्नी के प्रेमी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।