1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. जिसे नाजों से पाला, उसी बेटी को शादी से पहले पिता ने दे दी मौत, वजह बना ये वीडियो-देखें

जिसे नाजों से पाला, उसी बेटी को शादी से पहले पिता ने दे दी मौत, वजह बना ये वीडियो-देखें

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jan 15, 2025 05:40 pm IST,  Updated : Jan 15, 2025 08:39 pm IST

ग्वालियर में एक पिता ने अपनी बेटी को इसलिए गोलियों से भून डाला क्योंकि उसने पिता की पसंद के लड़के से शादी करने से इनकार कर दिया था। सामने आया ऑनर किलिंग का दर्दनाक मामला...

पिता ने बेटी को गोलियों से भून डाला- India TV Hindi
पिता ने बेटी को गोलियों से भून डाला

मध्य प्रदेश: ग्वालियर जिले में एक पिता ने अपनी बेटी को उसकी शादी से चार दिन पहले सिर्फ इसलिए गोलियों से भून डाला क्योंकि वह किसी और लड़के से प्यार करती थी और उसने पिता के पसंद के लड़के से शादी करने से इनकार कर दिया था जो इंडियन नेवी में सार्जेंट था। पिता ने जिस बेटी को नाजों से पाला, जिसे उंगली पकड़कर चलना सिखाया, 20 साल की उसी बेटी को उसकी शादी से चार दिन पहले  गोलियों से छलनी कर दिया। ऑनर किलिंग के इस मामले को सुनकर आपकी भी आंखें भर आएंगी।

पुलिस ने दी ये जानकारी

ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि घटना मंगलवार की रात गोला का मंदिर इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि 20 वर्षीय पीड़िता तनु गुर्जर की 18 जनवरी को शादी होनी थी, लेकिन वह अपने परिवार द्वारा चुने गए व्यक्ति से शादी करने के लिए तैयार नहीं थी। अधिकारी ने बताया कि इस बात को लेकर तनु की अपने पिता से तीखी बहस हुई, जिसके बाद पिता और उसके चचेरे भाई ने उसे गोली मार दी। गोली मारने के बाद राहुल तो भाग गया, लेकिन तनु का पिता महेश सिंह गुर्जर मौके पर ही हथियार लहराता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम घर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

तनु ने वीडियो बनाकर पुलिस को भेजा था

तनु ने दो दिन पहले अपना खुद का बनाया एक वीडियो पुलिस अधिकारियों को भेजा था और सोशल मीडिया पर भी शेयर किया था। जिसमें उसने बताया था कि "वह 6 साल से किसी और के प्यार में है और परिवार वालों ने पहले तो एक ही समाज का होने के चलते उसी युवक से शादी के लिए हां कर दी थी लेकिन बाद में परिवार ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। फिर उसे रोज मारा पीटा जाने लगा और जान से मारने की धमकी दी गई। फिर उसकी शादी कहीं और तय कर दी गई। अगर इस बीच उसे कुछ हुआ या उसकी जान चली जाती है तो उसके जिम्मेदार उसके परिवार के लोग होंगे क्योंकि हर रोज उसे पर प्रेशर डाला जा रहा है कि वह उनकी ही मर्जी से वहां शादी कर ले जहां उन्होंने तय किया है।"

देखें वीडियो

पिता ने बेटी को गोलियों से किया छलनी

आदर्श नगर निवासी 20 साल की तनु गुर्जर 12वीं की छात्रा थी और उसका पिता महेश गुर्जर हाइवे पर ढाबा चलाता है। 18 जनवरी को तनु की शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारी चल रही थीं। लेकिन मंगलवार की रात अचानक तनु का पिता गुस्से में तमतमाता हुआ भतीजा राहुल के साथ घर पहुंचा। जब तक कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही वह बेटी के कमरे में पहुंचा और कट्‌टे से उसके चेहरे पर गोली मार दी। गोली लगते ही तनु वहीं ढेर हो गई है। गोली की आवाज सुनते ही परिजन कमरे में पहुंचे तो वहां बेटी तनु की लाश खून से सनी पड़ी थी। पिता कट्‌टा लेकर और भतीजा राहुल पिस्टल लेकर खड़ा था।

देखें शादी का कार्ड

शादी का छप गया था कार्ड
Image Source : INDIATVशादी का छप गया था कार्ड

तनु किसी और से शादी प्यार करती थी और अपने पिता की पसंद इंडियन नेवी के सार्जेंट से शादी नहीं करना चाहती थी, इसी को लेकर घर में विवाद हो रहा था।  फिलहाल पुलिस ने पिता और भतीजे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर फरार हुए भतीजे की तलाश शुरू कर दी है।

(ग्वालियर से भूपेन्द्र भदौरिया की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।