1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. देवरिया: पहले आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, फिर गोली मारकर लूट लिए 5.5 लाख रुपये

देवरिया: पहले आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, फिर गोली मारकर लूट लिए 5.5 लाख रुपये

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 18, 2020 05:02 pm IST,  Updated : Nov 18, 2020 05:02 pm IST

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना अंतर्गत हाटा मार्ग पर बुधवार को बदमाशों ने लूटपाट के दौरान एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी।

man shot dead, man shot dead Chilli, man shot dead Chilli looted, man shot dead Deoria- India TV Hindi
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बुधवार को बदमाशों ने लूटपाट के दौरान एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना अंतर्गत हाटा मार्ग पर बुधवार को बदमाशों ने लूटपाट के दौरान एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बदमाशों ने हाटा मार्ग पर ग्राहक सेवा केंद्र के एक संचालक की आंखों में पहले मिर्च का पाउडर झोंक कर बैग छीनने की कोशिश की और बाद में गोली मार कर उसकी हत्या कर दी। ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक की हत्या करने के बाद बदमाशों ने उसके पास से करीब 5.5 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

‘विशुनपुरा गांव के पास हुई वारदात’

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर श्रीपति मिश्र ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वारदात गौरी बाजार-हाटा मार्ग पर विशुनपुरा गांव के पास हुई है। उन्होंने बताया कि एक बाइक पर सवार 2 नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रामपुर कारखाना के जिगिनी गांव के रहने वाले सर्वेश्वर पटेल उर्फ गुड्डू (30) गौरीबाजार के बखरा चौराहे पर भारतीय स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते थे।

‘बदमाशों ने पटेल के सिर में मारी गोली’
एसपी के मुताबिक, बुधवार सुबह पटेल गौरीबाजार के रामपुर चौराहे पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से 5 लाख 40 हजार रुपए लेकर बाइक से वापस बखरा लौट रहे थे। गौरीबाजार हाटा मार्ग पर विशुनपुरा चौराहे के पास एसबीटी स्कूल के पास पीछे से आए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पहले उनकी आंखों में में मिर्च पावडर झोंक दिया। उसके बाद बदमाशों ने उनके सिर के पास गोली मार दी और रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस संबंध में केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।