1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. महाराष्ट्र में बॉयफ्रेंड ने युवती को एसिड से जलाया, 12 घंटे तक सड़क पर तड़पती रही, फिर हुई मौत

महाराष्ट्र में बॉयफ्रेंड ने युवती को एसिड से जलाया, 12 घंटे तक सड़क पर तड़पती रही, फिर हुई मौत

 Reported By: IANS
 Published : Nov 15, 2020 06:21 pm IST,  Updated : Nov 15, 2020 06:21 pm IST

महाराष्ट्र के बीड में एक 22 वर्षीय युवती को उसके बॉयफ्रेंड ने एसिड और पेट्रोल से जलाने के बाद सड़क किनारे फेंक दिया, जहां वह 12 घंटे से अधिक समय तक वह पड़ी रही।

Beed Acid Attack, Beed Woman Acid, Beed Boyfriend Acid- India TV Hindi
महाराष्ट्र के बीड में युवती को उसके बॉयफ्रेंड ने एसिड और पेट्रोल से जलाने के बाद सड़क किनारे फेंक दिया था। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

बीड: महाराष्ट्र के बीड जिले में दिवाली के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक 22 वर्षीय युवती को उसके बॉयफ्रेंड ने एसिड और पेट्रोल से जलाने के बाद सड़क किनारे फेंक दिया, जहां वह 12 घंटे से अधिक समय तक वह पड़ी रही। एक अधिकारी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मौत से 16 घंटे तक जूझने के बाद रविवार सुबह युवती ने दम तोड़ दिया। नेकनूर पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी लक्ष्मण केंद्रे ने बताया कि यह घटना शुक्रवार देर रात की है। अविनाश आर. राजुरे (25) और सवित्रा डी. अंकुलकर (22) दिवाली के लिए नांदेड़ जिले के शेलगांव स्थित अपने घर के लिए पुणे से मोटरसाइकिल पर निकले थे।

‘450 किलोमीटर की यात्रा पर निकले थे दोनों’

लक्ष्मण केंद्रे ने कहा, ‘करीब 450 किलोमीटर की यात्रा पर निकले आरोपी राजुरे ने शनिवार को लगभग 2 बजे येलम्ब घाट क्षेत्र में एक वीरान जगह पर वाहन को रोका और युवती पर हमला किया।’ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पहले आरोपी ने उसका गला घोंटने का प्रयास किया, लेकिन पीड़िता ने उसका विरोध किया। इसके बाद आरोपी ने तेजाब की एक बोतल निकाली और उस पर फेंक दिया। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने अपने वाहन से पेट्रोल निकाला और पीड़िता पर डालकर आग लगा दिया और सड़क किनारे गड्ढे में धकेल दिया।

’50 प्रतिशत तक जल चुकी थी पीड़िता’
केंद्रे ने आगे कहा, ‘एक चरवाहे ने पीड़िता की आवाज शनिवार की दोपहर 2 बजे के आसपास सुनी और तुरंत हमें सूचित किया। हम मौके पर पहुंचे और एसिड और पेट्रोल से गंभीर रूप से जलने के कारण उसे तड़पते हुए पाया और उसे बीड सिविल अस्पताल ले गए। पीड़िता एसिड और पेट्रोल की आग के कारण 50 प्रतिशत जल चुकी थी और जिंदगी और मौत के बीच 16 घंटे की लड़ाई के बाद अस्पताल में आज (रविवार) सुबह उसने अंतिम सांस ली।’ 

‘कुछ हफ्ते तक लिव-इन पार्टनर थे दोनों’
उन्होंने आगे बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी और पीड़िता पुणे में कुछ सप्ताह तक लिव-इन पार्टनर के रूप में साथ रहे, हालांकि जानलेवा हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है। नेकनूर पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है, जबकि बीड पुलिस ने आरोपी राजुरे को पकड़ने के प्रयास में पुणे से नांदेड़ तक सभी जिला सीमा पुलिस चौकी के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।