1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. मां के साथ गलत बर्ताव कर रहे थे ‘शराबी’ पिता, बेटे ने लकड़ी का टुकड़ा उठाया और मार डाला

मां के साथ गलत बर्ताव कर रहे थे ‘शराबी’ पिता, बेटे ने लकड़ी का टुकड़ा उठाया और मार डाला

 Published : Feb 27, 2025 05:10 pm IST,  Updated : Feb 27, 2025 05:10 pm IST

नागपुर में 19 वर्षीय युवक अंशुल ने मां के साथ दुर्व्यवहार करने पर गुस्से में आकर पिता की हत्या कर दी। आरोपी के मुताबिक, उसके पिता शराबी थे और काम नहीं करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Nagpur Crime, Son Killed Father, Nagpur, son, father- India TV Hindi
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक युवक द्वारा अपने ही पिता की हत्या का मामला सामने आया है। एक अधिकारी द्वारा गुरुवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, अंशुल उर्फ ​​गौरव बाबाराव जयपुरकर नाम के एक 19 वर्षीय युवक ने मां से दुर्व्यवहार करने के लिए गुस्से में आकर अपने पिता की जान ले ली। उन्होंने बताया कि अपने पिता की हत्या के आरोप में अंशुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि यह घटना नागपुर जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर कोंढाली शहर की है।

‘मां के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं कर पाया’

अधिकारी ने बताया कि बुधवार अपराह्न करीब 11 बजे जब वाहन मिस्त्री का काम करने वाला आरोपी अंशुल दोपहर के भोजन के लिए घर गया था, उसी समय उसके 52 साल के पिता बाबाराव मधुकर जयपुरकर ने उसकी मां के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि मां के साथ हुए दुर्व्यवहार को अंशुल बर्दाश्त नहीं कर पाया और गुस्से में आकर उसने अपने पिता पर हमला बोल दिया। अधिकारी ने बताया कि अंशुल ने लकड़ी का एक टुकड़ा उठाया और अपने पिता के सिर पर मार दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

‘आरोपी के पिता शराब के बहुत आदी थे’

अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता शराब के बहुत आदी थे और कोई काम नहीं करते थे। पुलिस ने हत्या के इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। बता दें कि एक अन्य घटना में पुणे के कात्रज इलाके में एक युवक पर हमला करने और उसकी बाइक जलाने के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने बाइक के साथ-साथ उसे भी जलाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह बचकर भाग गया। उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार शाम हुई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।