1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बरेली में मुस्लिम युवकों के साथ कैफे में रंगे हाथों पकड़ी गई छात्रा, वायरल वीडियो को देखा तो दे दी जान

बरेली में मुस्लिम युवकों के साथ कैफे में रंगे हाथों पकड़ी गई छात्रा, वायरल वीडियो को देखा तो दे दी जान

 Written By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jul 22, 2026 07:46 pm IST,  Updated : Jul 22, 2026 09:09 pm IST

यूपी के बरेली के एक कैफे में दो दूसरे समुदाय के युवकों के साथ एक छात्रा को लोगों ने पकड़ लिया। उसका वीडियो वायरल कर दिया गया, जिससे परेशान होकर छात्रा ने अपनी जान दे दी। परिजनों ने क्या बताया?

छात्रा ने किया सुसाइड- India TV Hindi
छात्रा ने किया सुसाइड Image Source : REPORTER

बरेली के थाना बिथरी चैनपुर इलाके की रहने वाली एक नाबालिग छात्रा ने मंगलवार रात अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि लड़की दूसरे समुदाय के दो युवकों शोएब और सलमान के साथ के एक कैफे में पकड़ी गई थी। वहां हुए हंगामे के दौरान उसके फोटो और वीडियो बनाए गए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। परिवार का कहना है कि इसी घटना से आहत होकर लड़की ने यह कदम उठाया और अपनी जान दे दी।


कैफे में पकड़ी गई थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, लड़की इज्जतनगर इलाके स्थित ब्लू डायमंड कैफे पहुंची थी। उसके साथ दूसरे समुदाय के दो युवक शोएब और सलमान भी थे, जबकि उसका दूसरा साथी कैफे के बाहर निगरानी कर रहा था। इसकी सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के कुछ लोग कैफे पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू हो गया। माहौल बिगड़ता देख लड़की और उसके साथ मौजूद युवक वहां से निकलने की कोशिश करने लगे।इसी दौरान लड़की और युवक के फोटो और वीडियो बना लिए गए। बाद में ये वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं।

देखें वीडियो



परिजनों ने साजिश का लगाया आरोप
मृतक लड़की एक क्लीनिक पर काम सीखने जाती थी। उसके परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक की मालकिन ने ही यह पूरी साजिश रची है। वह लड़कियों को दूसरे समुदाय के लोगों के साथ भेजती थी। परिजनों ने बताया कि जब क्लीनिक की मालकिन से बात की तो उसने बताया कि वह क्लीनिक पर है। लेकिन वो क्लीनिक पर नहीं थी, उसने बात को छिपाया।

परिजनों का आरोप है कि सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद लड़की काफी परेशान रहने लगी थी। वह मानसिक तनाव में थी और लोगों का सामना करने से भी बच रही थी। मंगलवार रात उसने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो लड़की फंदे से लटकी मिली।परिजनों का आरोप है कि पूरे घटनाक्रम और वीडियो वायरल होने की वजह से लड़की आहत हो गई और उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

छात्रा ने वायरल वीडियो देख किया सुसाइड
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सलमान को पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। सीओ ने बताया कि जानकारी मिली थी कि 17 वर्षीय बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस सूचना पर थाना पुलिस और फील्ड यूनिट तत्काल मौके पर पहुंच कर शव की वीडियोग्राफी करते हुए नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों से लिखित तहरीर प्राप्त की जा रही है। इस आधार पर इस घटना से संबंधित सभी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

(बरेली से विकास साहनी की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:
'वह इंटिमेसी चाहती थी', IPS ट्रेनी ने लिखा सुसाइड नोट, पी लिया जहर, हैरान करने वाला हुआ खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।