1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बदमाशों ने जज को ही लूट लिया, कार से कुचलने की कोशिश भी की

बदमाशों ने जज को ही लूट लिया, कार से कुचलने की कोशिश भी की

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 28, 2021 10:09 pm IST,  Updated : Mar 28, 2021 10:09 pm IST

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपने घर के बाहर टहल रहे जिला न्यायालय के एक न्यायाधीश को स्कॉर्पियो सवार आधा दर्जन बदमाशों ने गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया और उनकी सोने की चेन लूट ली।

बदमाशों ने जज पर किया हमला, सोने की चेन लूटकर हुए फरार- India TV Hindi
बदमाशों ने जज पर किया हमला, सोने की चेन लूटकर हुए फरार

ग्वालियर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपने घर के बाहर टहल रहे जिला न्यायालय के एक न्यायाधीश को स्कॉर्पियो सवार आधा दर्जन बदमाशों ने गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया और उनकी सोने की चेन लूट ली। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें चाकू मारे और रायफल की बट से हमला कर फरार हो गए। यह घटना ग्वालियर स्थित थाटीपुर थाना क्षेत्र के मजिस्ट्रेट कॉलोनी में शनिवार रात को हुई। 

थाटीपुर पुलिस थाना प्रभारी आर बी एस विमल ने बताया कि मजिस्ट्रेट कॉलोनी में रहने वाले न्यायाधीश सचिन जैन शनिवार रात को कॉलोनी की सड़क पर नियमित रूप से टहलने निकले। उनके साथ परिजन और एक दोस्त भी था। उन्होंने कहा कि उसी दौरान एक तेज गति से स्कॉर्पियो आई। वाहन की तेज गति देखकर न्यायाधीश जैन व अन्य लोग एकदम किनारे हो गए। 

विमल ने बताया कि इसके बाद उन्होंने स्कॉर्पियो में बैठे लोगों को देखकर सावधानी से वाहन चलाने के लिए कहा। यह सुनकर स्कॉर्पियो में बैठे छह लोग उनके पास आ गए और मारपीट करने लगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर न्यायाधीश पर हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे पर चोट आई। 

विमल ने बताया कि दूसरे युवक ने राइफल के बट से भी उन पर वार कर दिया और न्यायाधीश के गले की सोने की चेन लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। न्यायाधीश ने तुरंत पुलिस को खबर दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावर युवकों की जानकारी ली और घायल न्यायाधीश को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। 

विमल ने बताया कि छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास, लूट, डकैती व मारपीट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।