1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पहले प्रेम जाल में फंसाया, फिर रेप केस में फंसाने की धमकी दी, मांगे 80 लाख रुपये

पहले प्रेम जाल में फंसाया, फिर रेप केस में फंसाने की धमकी दी, मांगे 80 लाख रुपये

 Edited By: Akash Mishra
 Published : Dec 06, 2022 06:02 pm IST,  Updated : Dec 06, 2022 07:42 pm IST

दिल्ली की एक यूट्यूबर ने एक प्राइवेट फर्म के मालिक को अपने प्रेम जाल में फंसाकर 80 लाख रपये से ज्यादा की उगाही की। मामले में आरोपी यूट्यूबर को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है।

दिल्ली की यूट्यूबर ने एक फर्म मालिक को प्रेम जाल में फंसाकर लाखों की उगाही की। (सांकेतिक तस्वीर)- India TV Hindi
दिल्ली की यूट्यूबर ने एक फर्म मालिक को प्रेम जाल में फंसाकर लाखों की उगाही की। (सांकेतिक तस्वीर) Image Source : PTI

हरियाणा के गुरुग्राम से जालसाजी से जुड़ा का एक मामला सामने आया है। दिल्ली में एक यूट्यूबर ने एक प्राइवेट फर्म के मालिक को अपने प्रेम जाल में फंसाकर 80 लाख रपये से ज्यादा की उगाही की। यही नहीं आरोपी यूट्यूबर ने फर्म मालिक दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी भी दी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले में आरोपी यूट्यूबर नमरा कादिर को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। 

'आरोपी ने कबूल किया अपना जुर्म'

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी नमरा कादिर को गिरफ्तारी करने के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उसे चार दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी यूट्यूबर का पति और उसका सहयोगी मनीष उर्फ ​​विराट बेनीवाल फरार हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी नमरा कादिर ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। 

'अंतरिम जमानत को कोर्ट ने कर दिया था खारिज'

गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि बादशाहपुर निवासी दिनेश यादव (21) ने अगस्त में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन दंपति ने अंतरिम जमानत के लिए कोर्ट का रुख किया था। उन्होंने कहा कि उनकी अंतरिम जमानत रद्द होने के बाद ही 26 नवंबर को उनके खिलाफ सेक्टर-50 पुलिस थाने में एक FIR दर्ज की गई थी। पुलिस ने बताया कि कादिर और बेनीवाल दोनों दिल्ली के शालीमार बाग के निवासी हैं। 

'आरोपी के पति और सहयोगी को जल्द कर लिया जाएगा अरेस्ट'

सेक्टर-50 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि कथित दबाव में पीड़ित से लिए गए पैसे और अन्य सामान की बरामदगी के लिए हमने आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया है। उन्होंने कहा कि उसके पति और सहयोगी मनीष उर्फ ​​विराट बेनीवाल को जल्द ही अरेस्ट कर लिया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।