1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. गुरुग्राम: मजाक पड़ा भारी, शख्स के प्राइवेट पार्ट में एयर गन से भरी हवा, शरीर के अंदर के अंग फटे, हुई मौत

गुरुग्राम: मजाक पड़ा भारी, शख्स के प्राइवेट पार्ट में एयर गन से भरी हवा, शरीर के अंदर के अंग फटे, हुई मौत

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 08, 2026 08:37 pm IST,  Updated : Apr 08, 2026 08:37 pm IST

गुरुग्राम में एक शख्स के साथ उसके ही साथ काम करने वाले शख्स ने ऐसी हरकत की, जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Gurugram- India TV Hindi
आरोपी गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स के प्राइवेट पार्ट में एयरगन से हवा भरने की वजह से उसकी मौत हो गई। इस घटना में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

क्या है पूरा मामला?

गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक मामूली से 'मज़ाक' ने एक शख्स की जान ले ली। सेक्टर-82A की एक वर्कशॉप में काम करने वाले दो दोस्तों के बीच हंसी-मजाक इस कदर खौफनाक मोड़ ले लेगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। 

पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला गुरुग्राम के थाना खेड़की दौला क्षेत्र का है। बीती 7 अप्रैल को पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि हरविंदर नाम के एक 38 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है। 

जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की, तो जो सच्चाई निकलकर सामने आई उसने सबको हैरान कर दिया। 

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला हरविंदर, गुरुग्राम के सेक्टर-82A स्थित एक वर्कशॉप में काम करता था। शिकायत के मुताबिक, काम के दौरान उसके ही एक सहकर्मी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने पीड़ित के शरीर में एयर गन/पाइप के जरिए तेज़ दबाव के साथ हवा भर दी, जिससे हरविंदर की हालत बिगड़ गई और अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान 38 साल के हरविंदर के रूप में हुई है। वह यूपी के अलीगढ़ का निवासी था। वहीं आरोपी की पहचान नरेश कुमार के रूप में हुई है। उसकी उम्र 40 वर्ष है। वह राजस्थान के डींग का निवासी है।

पुलिस की सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खेड़की दौला पुलिस ने दबिश दी और महज 24 घंटे के भीतर आरोपी नरेश कुमार को रामपुरा इलाके से काबू कर लिया।

शुरुआती पूछताछ में जो खुलासा हुआ वह चौंकाने वाला है। आरोपी नरेश ने बताया कि उन दोनों के बीच किसी बात को लेकर मजाक-मजाक में कहासुनी हो गई थी। इसी गुस्से या सनक में आकर उसने एयर पाइप से हवा भर दी, जो हरविंदर के आंतरिक अंगों के फटने का कारण बनी और उसकी जान चली गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी अब उनकी हिरासत में है और मामले की गहन जांच जारी है। (रिपोर्ट: गुरुग्राम से गोहित कौशिक)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।