1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. 11वीं के छात्र ने क्लासमेट को मारी गोली, घर बुलाकर घटना को दिया अंजाम

11वीं के छात्र ने क्लासमेट को मारी गोली, घर बुलाकर घटना को दिया अंजाम

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Nov 09, 2025 02:40 pm IST,  Updated : Nov 09, 2025 02:40 pm IST

गुरुग्राम में एक छात्र ने अपने क्लासमेट को घर बुलाकर उसे गोली मार दी। जांच में पता चला कि दोनों के बीच दो महीने पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद से छात्र रंजिश रख रहा था।

घर बुलाकर क्लासमेट को मारी गोली। - India TV Hindi
घर बुलाकर क्लासमेट को मारी गोली। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

गुरुग्राम: शहर के सेक्टर 48 से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक फ्लैट में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से अपने एक सहपाठी को गोली मार दी। पुलिस के अनुसार, गोली छात्र की गर्दन में लगी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। इस संबंध में सदर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं घटना के बाद इस सिलसिले में दो नाबालिग छात्रों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल से एक पिस्तौल, दो मैगजीन, 70 कारतूस और एक गोली बरामद की है। 

कमरे में एक और दोस्त था मौजूद

पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी के किराए के फ्लैट में तीन सहपाठी मौजूद थे। तभी उनके बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद उनमें से एक छात्र ने एक अन्य छात्र को गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। उसने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और अन्य दो छात्रों को हिरासत में ले लिया। 

मां ने की शिकायत

इस घटना में घायल हुए 17 वर्षीय छात्र की मां ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार उसके बेटे के स्कूल के दोस्त ने उसे शनिवार को मिलने के लिए बुलाया था। उसके बेटे ने पहले तो मना कर दिया, लेकिन दोस्त ने जिद की और कहा कि वह उसे लेने आएगा। फिर उसने अपने बेटे को जाने दिया और वह खेड़की दौला टोल पर अपने दोस्त से मिला। महिला ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘करीब दो महीने पहले मेरे बेटे का अपने दोस्त से झगड़ा हुआ था। इसी बात का बदला लेने के लिए मेरे बेटे का दोस्त उसे अपने घर ले गया और एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर उसे गोली मार दी।’’ 

दो महीने पहले हुआ था विवाद

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों नाबालिग आरोपियों ने खुलासा किया कि तीनों एक ही स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र हैं। आरोपी छात्र का दो महीने पहले पीड़ित से झगड़ा हुआ था और वह उससे रंजिश रखता था। आरोपी ने 8 नवंबर की रात को पीड़ित को फोन किया और रास्ते में खाने-पीने के बाद दोनों अपने एक और दोस्त को लेकर फ्लैट पर चले गए। यह भी पता चला कि आरोपी का पिता प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है और वह पातली गांव का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल घर में ही रखी थी। आगे की जांच जारी है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

इलाज के बहाने पति को मायके ले गई पत्नी, फिर प्रेमी संग मिलकर की हत्या; गिरफ्तार

कटक में बिल्डिंग के नीचे खड़े लोगों पर गिरी बालकनी, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 4 घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।