1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. हैवानियत: प्ले ग्राउंड में खेल रही 8 साल की बच्ची को उठा ले गए, स्कूल परिसर में किया गैंगरेप

हैवानियत: प्ले ग्राउंड में खेल रही 8 साल की बच्ची को उठा ले गए, स्कूल परिसर में किया गैंगरेप

 Reported By: T Raghavan Edited By: Kajal Kumari
 Published : Feb 03, 2025 08:21 am IST,  Updated : Feb 03, 2025 10:06 am IST

कर्नाटका के मंड्या जिले के एक सरकारी स्कूल परिसर में आठ वर्षीय बच्ची के साथ गैंगरेप की वारदात के बाद सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी खंगाल रही है।

स्कूल परिसर में आठ साल की बच्ची के साथ गैंगरेप- India TV Hindi
स्कूल परिसर में आठ साल की बच्ची के साथ गैंगरेप Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

पकर्नाटका के मंड्या जिले में एक आठ साल की बच्ची से हैवानियत की घटना से सनसनी मच गई है। सरकारी स्कूल परिसर में बच्ची से गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया है। इसके बाद भाजपा ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। पुलिस जांच में जुट गई है और सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि पता लगाया जा सके कि किन दरिंदों ने इस घटना को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक एक सरकारी स्कूल के परिसर में ही आठ साल की बच्ची के साथ गैंगरेप किया गया, जिसमें तीन लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है।

बच्ची ने मां को बताई पूरी घटना

पुलिस ने बताया है कि तीन अज्ञात लोगों ने आठ वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया, हालांकि ये घटना 31 जनवरी को हुई लेकिन रविवार, 02 फरवरी को इसकी जानकारी मिली है।

पुलिस के मुताबिक बच्ची पेट दर्द से कराह रही थी और उसके प्राइवेट पार्ट से ब्लीडिंग हो रही थी। बच्ची ने अपनी मां को इस घटना के बारे में सब कुछ बताया जिसके बाद बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रविवार को एफआईआर दर्ज की गई।

प्ले ग्राउंड से बच्ची को उठाकर ले गए थे दरिंदे

पुलिस के मुताबिक 31 जनवरी को जब बच्ची अपने घर के पास एक मैदान में खेल रही थी उस समय तीन अज्ञात लोग उसे फुसलाकर पास ही के एक सरकारी स्कूल में लेकर गए और उसके साथ गैंगरेप किया, आरोपियों ने बच्ची से हैवानियत करने के बाद उसे डराया और जान से मारने की धमकी दी। डरी सहमी बच्ची जब घर पहुंची तो गुमसुम थी और डर के मारे उसने इस घटना के बारे में परिवार में किसी को भी नहीं बताया। पुलिस ने ये स्पष्ट किया कि जिस स्कूल में ये क्रूर वारदात हुई, पीड़िता बच्ची उस स्कूल में नहीं पढ़ती है।

फिलहाल बच्ची को जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, बाल विकास विभाग से काउंसलर्स की एक टीम आज बच्ची और उसके परिवार से मुलाकात करेगी। पुलिस स्कूल के आस पास लगे CCTV कैमरों को खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। इसके साथ ही विशेष टीमें बनाकर इस पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

भाजपा ने कर्नाटक सरकार पर साधा निशाना

इस घटना के बाद भाजपा ने कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजएन्द्रा ने सोशल मीडिया के जरिये राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था और हालात के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार की क्षमता पर सवाल खड़े किए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।