1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दहेज के लिए बर्बता! फिनायल पिलाई, पेट्रोल डालकर जलाया फिर तीन महीने तक रखा कैद; जानें कैसे हुआ खुलासा

दहेज के लिए बर्बता! फिनायल पिलाई, पेट्रोल डालकर जलाया फिर तीन महीने तक रखा कैद; जानें कैसे हुआ खुलासा

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 31, 2024 05:36 pm IST,  Updated : Mar 31, 2024 05:36 pm IST

हरियाणा के सोनीपत जिले में दहेज के लिए एक महिला के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। महिला के साथ ना सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि उसे फिनायल भी पिलाया गया और आखिर में उसे जलाने का प्रयास भी किया गया। इतना ही नहीं महिला को तीन महीने तक कमरे में कैद रखा गया है।

सोनीपत में दहेज के लिए महिला के साथ बर्बता।- India TV Hindi
सोनीपत में दहेज के लिए महिला के साथ बर्बता। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

सोनीपत: जिले में दहेज के लिए बर्बरता की सारी हदें पार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दहेज के लिए महिला को इतना प्रताड़ित किया गया, जिसे सुनकर आपका भी दिल दहल जाएगा। दरअसल, यहां एक विवाहिता के साथ ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले तो मारपीट की, इसके बाद उन्होंने विवाहिता को फिनायल पिलाकर मारने का प्रयास किया। जब इतने से भी उनका मन नहीं भरा तो फिर विवाहिता के शरीर पर पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया। इस घटना में विवाहिता 70 प्रतिशत तक जल गई है। लोगों से बचाने के लिए उसे तीन महीने तक बंधक भी बनाकर रखा गया था। 

पांच साल पहले हुई थी शादी

बता दें कि महिला सोनीपत के कच्चे क्वाटर की रहने वाली है, जिसका नाम मीनू है। मीनू की शादी करीब 5 साल पहले प्रगति नगर के रहने वाले हैप्पी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी क्रम में 24 दिसंबर 2023 की रात महिला का पति, उसकी सास और तीन ननदों ने उसे मारने का प्रयास किया। उन्होंने पहले तो फिनायल पिलाई और फिर उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने से मीनू 70 प्रतिशत तक जल गई। इसके बाद उसे रोहतक पीजीआई लेकर गए और वहां कहानी रची कि मीनू के साथ हादसा हुआ है। 

 

तीन महीने तक घर में रखा कैद

ससुराल के लोगों ने मीनू को काफी धमकी भी दी कि वह इस बारे में किसी से कुछ नहीं कहेगी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब वापस सोनीपत आई तो उसे एक कमरे में कैद कर दिया गया। जब मायके पक्ष से किसी का फोन आता तो दबाव बनाकर सिर्फ हां या ना में बात कराई जाती थी। इसी बीच मीनू का भाई आशू उससे मिलने उसकी ससुराल पहुंचा, जिसके बाद मीनू के साथ हुए कांड का पता चला। मामले का खुलासा होने के बाद आशू ने अन्य परिजनों को भी सूचना दी। जिसके बाद सभी लोग मीनू को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। 

पुलिस ने जल्द कार्रवाई की कही बात

वहीं इस पूरे मामले को लेकर सिटी थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि डायल 112 पर इस तरह की शिकायत मिली है। मामले में जल्द ही पीड़ित महिला का बयान लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही महिला को न्याय दिलाया जाएगा।

(सोनीपत से सन्नी मलिक की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें- 

'सॉरी दीदी, मुझे अब...', मैसेज लिखकर छत से कूद गई नाबालिग छात्रा, रूह कंपा देगी खबर

कारोबारी ने रंगदारी नहीं दी तो पत्नी को मार दी गोली! पति को बचाने की कोशिश में गई जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।