Hyderabad Murder Case: तेलंगाना में रंगा रेड्डी जिले के बटासिंगाराम में अनैतिक संबंध के शक और प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर एक शख्स ने कथित रूप से अपनी बहन की हत्या करके उसके शव के टुकड़े झील में फेंक दिए। इसका खुलासा हुआ तो इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में 32 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पड़ताल जारी है। पुलिस ने आरोपी की पहचान पप्पू राम के रूप में की है। जानें शख्स ने अपनी बहन की इतनी बेरहमी से हत्या क्यों कर दी।
आरोपी भाई ने ही दर्ज कराई बहन की गुमशुदगी रिपोर्ट
जान लें कि बीते 28 फरवरी को, पप्पू राम नाम के भाई ने पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें कहा गया था कि उसकी बहन बटासिंगाराम में एक जनरल स्टोर से लापता हो गई है। यह हत्या पुलिस की जांच के दौरान सामने आई, जो गुमशुदगी का मामला दर्ज होने के बाद शुरू की गई थी।
गैर मर्द से अनैतिक संबंध को लेकर भाई-बहन में हुई अनबन
दरअसल, पीड़िता कुछ समय पहले पति के निधन के बाद से अपने भाई के पास ही रह रही थी। पुलिस की जांच में पता चला है कि भाई को आशंका थी कि उसकी बहन का किसी गैर मर्द के साथ अनैतिक संबंध है। इसी बात से नाराज होकर उसने अपनी बहन की हत्या कर दी और खुद ही मिसिंग कम्पलेन लिखवाने थाने पहुंच गया। जांच के बाद हत्या के आरोप में भाई को अरेस्ट कर लिया गया।
मारने के बाद बाथरूम में छिपाकर रखा था शव
तेलंगाना पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पिछले महीने हुए विवाद में महिला को डंडे से मार दिया था, इसकी वजह से उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने बॉडी को बाथरूम में छिपाकर रखा था।
आरी से काटकर झील में फेंके शव के टुकड़े
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के अगले दिन आरोपी एक अन्य साथी की मदद से 40 साल की महिला के शव को एक झील के पास ले गया और वहां उसने आरी से शव के टुकड़े किए। उसने पैर काटे और फिर शरीर के अंगों को काट-काटकर पानी में फेंक दिया। पुलिस ने ये भी बताया कि आरोपी और महिला ने साझे में एक प्रॉपर्टी खरीदी थी। महिला अपने भाग का ट्रांसफर करवाना चाहती थी जबकि आरोपी इसके लिए तैयार नहीं था।
महिला को खोजने के दौरान मिला शव
तेलंगाना पुलिस बोली कि महिला के लापता होने पर उसे खोजने की कोशिश के दौरान उसके शव के अंग झील से बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। दोषी को सजा सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
ये भी पढ़ें- रावण के मंदिर की रेकी कर डेटा भेजा पाकिस्तान, पुलिस ने पकड़े 2 जासूस; यूं हुआ मकसद का खुलासा