1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. नशे में धुत पति ने की पत्नी की हत्या, सास-ससुर को किया घायल; फिर खुद भी लगाई फांसी

नशे में धुत पति ने की पत्नी की हत्या, सास-ससुर को किया घायल; फिर खुद भी लगाई फांसी

 Published : Sep 06, 2025 06:34 pm IST,  Updated : Sep 06, 2025 06:39 pm IST

झारखंड के गोड्डा जिले में एक शख्स ने शराब के नशे में पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर अपने सास-ससुर को भी घायल कर दिया। इसके बाद उसने खुद की भी फांसी लगाकर जान दे दी।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : UNSPLASH

झारखंड के गोड्डा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले में एक 30 वर्षीय शख्स ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी। वह यहीं नहीं थमा, उसने अपने सास-ससुर को भी घायल कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के लाठीबाड़ी गांव में हुई। पुलिस के मुताबिक शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस ने बताया कि दोनों की शादी 6 साल पहले हुई थी। 

पोड़ैयाहाट पुलिस थाने के प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया, "पति ने शराब पीने के बाद पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। जब उसकी पत्नी ने विरोध किया तो उसने उस पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब पत्नी के माता-पिता अपनी बेटी को बचाने आए, तो उसने उन पर भी चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बाद में उसने खुद भी फंदा लगा लिया।"

'शख्स शराब पीकर अक्सर अपनी पत्नी से करता था मारपीट'

थाना प्रभारी ने बताया कि व्यक्ति राजेंद्र पंडित और उसकी पत्नी रीता देवी (25) के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि घायल ससुराल वालों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंडित की शादी छह साल पहले रीता देवी से हुई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों की दो बेटियां हैं, एक तीन साल की और दूसरी एक महीने की। ग्रामीणों के अनुसार, पंडित शराब पीकर अक्सर अपनी पत्नी से मारपीट करता था।

धनबाद में आदिवासी महिला ने पति की हत्या कर शव को घर में ही दफना दिया

वहीं, झारखंड के धनबाद जिले में एक आदिवासी महिला ने अपने शराबी पति की विवाद के बाद कथित तौर पर हत्या कर दी और शव को 10 दिनों से अधिक समय तक घर के अंदर दफनाये रखा। पुलिस के मुताबिक, यह घटना टुंडी थानाक्षेत्र के तिलैयातन गांव की है। टुंडी थाना प्रभारी उमा शंकर ने बताया कि सुरजी मझियान (42) ने अपने पति सुरेश हांसदा (45) की हत्या कर दी और शव गांव में मिट्टी से बने घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया। (Input With PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।