1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बहन की कॉपी लेने निकला 16 साल का सानू रहस्यमय ढंग से लापता, 24 घंटे बाद नहर में मिला शव, परिवार सदमे में

बहन की कॉपी लेने निकला 16 साल का सानू रहस्यमय ढंग से लापता, 24 घंटे बाद नहर में मिला शव, परिवार सदमे में

 Published : Jun 01, 2026 02:47 pm IST,  Updated : Jun 01, 2026 02:47 pm IST

अनुभव शुक्ला उर्फ सानू रविवार सुबह घर से साइकिल लेकर निकला था। वह अपनी बहन की कॉपी लेने के लिए शिक्षक के घर गया था। वहां से कॉपी लेने के बाद वह वापस घर के लिए निकला, लेकिन इसके बाद लापता हो गया था।

16 वर्षीय सानू का...- India TV Hindi
16 वर्षीय सानू का रतनपुर नहर से बरामद हुआ है। Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर: पनकी थाना क्षेत्र की रतनपुर कॉलोनी से रविवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए 16 वर्षीय किशोर का शव करीब 24 घंटे बाद नहर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बहन की कॉपी लेने टीचर के घर गया था

रतनपुर कॉलोनी निवासी अनुभव शुक्ला उर्फ सानू रविवार सुबह करीब 10:30 बजे घर से साइकिल लेकर निकला था। परिजनों के अनुसार वह अपनी बहन की कॉपी लेने के लिए शिक्षक के घर गया था। शिक्षक के यहां से कॉपी लेने के बाद वह वापस घर के लिए निकला, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

छठ पूजा स्थल के पास मिले कपड़े

शाम के समय स्थानीय लोगों ने रतनपुर नहर किनारे स्थित छठ पूजा स्थल के पास कुछ कपड़े पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों की पहचान अनुभव के रूप में की। कपड़े मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई तथा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पनकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नहर के आसपास सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार तलाश की गई। काफी मशक्कत के बाद सोमवार को किशोर का शव उसी नहर में घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर बरामद हुआ।

परिवार में मचा कोहराम

शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की जांच भी की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि किशोर की अंतिम गतिविधियों और उसकी आवाजाही के बारे में सटीक जानकारी मिल सके।

पुलिस ने क्या कहा?

पनकी थाना प्रभारी दिनेश विष्ट ने बताया कि किशोर का शव बरामद कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। यदि परिजन किसी प्रकार की तहरीर देते हैं तो उसके आधार पर भी जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

(कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

गाड़ी चलाते समय फोन पर देख रहे थे IPL का फाइनल, तभी कुएं में जा गिरी थार, 1 की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल-VIDEO

सुबह-सुबह मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव! ट्रक-कंटेनर और अर्टिगा की टक्कर में 2 ने मौके पर तोड़ा दम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।