कर्नाटक के तुमकुरु में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। इसके बाद उसकी लाश घर से 30 किलोमीटर दूर एक कुएं में फेंक दी। पुलिस को जब मृतक के लापता होने की जानकारी मिली तो तलाश शुरू की गई। इस दौरान मृतक के घर में मिर्च पाउडर मिला और संघर्ष के सबूत भी मिले। संदेह होने पर पुलिस ने गुमशुदा व्यक्ति की पत्नी के कॉल रिकॉर्ड चेक किए तो पूरा मामला सामने आ गया। पूछताछ में आरोपी महिला ने हत्या की बात स्वीकार कर ली और बताया कि अवैध संबंध के चलते उसने यह कदम उठाया।
मामला टिपटूर तालुक के कडाशेट्टीहल्ली गांव का है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी की मदद से अपने पति की हत्या कर दी और शव को करीब 30 किलोमीटर दूर फेंक दिया। पीड़ित की पहचान 50 साल के शंकरमूर्ति के रूप में हुई है। कथित तौर पर 24 जून को शंकरमूर्ति की हत्या कर दी गई थी। शंकरमूर्ति की पत्नी सुमंगला पर अपने प्रेमी नागराजू के साथ मिलकर हत्या साजिश रचने और हत्या करने का आरोप है। सुमंगला टिपटूर में कल्पतरु कॉलेज गर्ल्स हॉस्टल में रसोइया के रूप में काम करती थी।
पुलिस का बयान
पुलिस के अनुसार सुमंगला ने अपने पति की आंखों में मिर्च पाउडर डाला और उसे लकड़ी के डंडे से पीटा। इसके बाद अपने पैर से उसकी गर्दन कुचल दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हत्या के बाद सुमंगला ने अपने प्रेमी नगराजू के साथ मिलकर शव को एक बोरी में भरा और लगभग 30 किलोमीटर दूर ले जाकर तुरुवेकेरे तालुक के दंडानिशिवारा पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत एक बाग में बने कुएं में फेंक दिया।
हत्यारों तक कैसे पहुंची पुलिस
शंकरमूर्ति के लापता होने की सूचना मिलने के बाद नॉनविनाकेरे पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के फार्महाउस में बिस्तर पर मिर्च पाउडर के दाग और संघर्ष के निशान दिखे। इससे पुलिस को उसकी पत्नी पर संदेह हुआ। पुलिस ने सुमंगला के कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकाले तो शक और गहरा हो गया। कॉल डीटेल के जरिए पुलिस ने खौफनाक साजिश का खुलासा कर लिया था। इसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई तो सुमंगला ने अपने पति की हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि नागराजू नाम के एक व्यक्ति के साथ उसके अवैध संबंध हैं, जिनका पति विरोध करता था। इसी वजह से उनसे अपनी पति की हत्या कर दी। पुलिस ने नॉनविनाकेरे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।