महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में एक व्यक्ति ने पहले व्हाट्सएप स्टेटस लगाया और फिर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पति ने भरी सड़क पर पत्नी की हत्या की। घटना हातकणंगले तहसील के पेठवाडगांव में हुई, जहां एक पति ने अपनी पत्नी के कैरेक्टर पर शक करते हुए पहले पत्नी की हत्या के बारे में जानकारी देने वाला व्हाट्सएप स्टेटस लगाया। इसके बाद भरी सड़क पर बेरहमी से अपनी ही पत्नी को धारदार हथियार से वार करते हुए मौत के घाट उतार दिया।
इस घटना में अमृता दीपक कांबले की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और आरोपी पति दीपक कांबले को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। 29 साल की अमृता सावरदे की रहने वाली थी। अमृता और दीपक ने दस साल पहले लव मैरिज की थी उनकी दो बेटियां हैं।
पत्नी पर शक करता था दीपक
पिछले कुछ दिनों से दीपक को अपनी पत्नी के कैरेक्टर पर शक था। जैसे ही उसे जानकारी मिली कि अमृता बुधवार को पेठवडगांव गई है, दीपक वहां पहुंच गया। दोनों के बीच बहस हुई उसके बाद दीपक ने अपने साथ लाए धारदार दरांती से अमृता पर हमला कर दिया। लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने बिना रुके हमला जारी रखा और पत्नी पर बेरहमी से वार करता रहा। गंभीर रूप से घायल अमृता की मौके पर ही मौत हो गई।
पानी में हथियार फेंककर भागा आरोपी
घटना के बाद आरोपी ने हथियार पानी में फेंक दिया और वहां से भाग गया, लेकिन पेठवडगांव पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच अभी जारी है। इस घटना से पूरा इलाका कांप उठा है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
इंस्पेक्टर गोरख चौधरी के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। हालांकि, तब तक मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस सब-इंस्पेक्टर प्रियंका खाडे, हवलदार अबासाहेब पाटिल और श्रीकांत दाभोलकर सहित पूरी टीम ने घटनास्थल पर पंचनामा किया। फोरेंसिक लैब टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने क्या बताया?
इंस्पेक्टर गोरख चौधरी ने कहा, “डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर, खासकर चेहरे और गर्दन के आसपास, धारदार हथियार से हमले के कई निशान थे। हमने उसके पति की तलाश के लिए एक टीम भेजी है, जो प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल से फरार हो गया था। हमने घटनास्थल का फोरेंसिक परीक्षण कर लिया है। सबूत जुटा लिए गए हैं।”
(कोल्हापुर से समीर मुजावर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
12 साल के लड़के ने 4 साल की रिश्तेदार बच्ची से किया दुष्कर्म, खून से लथपथ मिली; हालत गंभीर