ओडिशा के नबरंगपुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जिले के डबुगांव थाना क्षेत्र के चचरागुड़ा पंचायत में एक 12 वर्षीय लड़के ने अपनी ही 4 साल की रिश्तेदार बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। इस दरिंदगी के बाद मासूम बच्ची की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और आरोपी लड़के को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
खेल रही बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार शाम की है। 4 साल की मासूम बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। तभी उसी गांव का रहने वाला 12 साल का आरोपी लड़का, जो बच्ची का रिश्तेदार भी है, उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
खून से लथपथ मिली बच्ची
कुछ समय बाद, बच्ची के पिता ने उसे खून से लथपथ और बुरी हालत में देखा। घबराए पिता तुरंत अपनी बच्ची को लेकर इलाज के लिए डबुगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। बच्ची की चोटें बहुत गहरी थीं। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत नबरंगपुर जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों की टीम लगातार उसका इलाज कर रही है, लेकिन फिलहाल बच्ची की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
इस खौफनाक घटना से सदमे में आए परिवार ने तुरंत डबुगांव पुलिस स्टेशन में जाकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और गुरुवार सुबह आरोपी नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के लिए उसे पुलिस स्टेशन लाया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
डबुगांव पुलिस स्टेशन की अधिकारी लक्ष्मी परजा इस पूरे मामले की देखरेख कर रही हैं। एसडीपीओ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, "डबुगांव पुलिस स्टेशन में आज सुबह एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। डबुगांव आईआईसी ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 160/26 दर्ज की है, जिसमें BNS की धारा 62, 65(2), 486 और पॉक्सो एक्ट के तहत आरोप लगाए गए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।"
पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच को मजबूत बनाने के लिए आगे की मेडिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट का सहारा लिया जाएगा। इस घटना के सामने आने के बाद से पूरे इलाके और समुदाय में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने बच्चों के खिलाफ लगातार बढ़ रहे यौन उत्पीड़न के मामलों पर गहरी चिंता जताई है।
(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
तिरुपति में शादी के विवाद में खूनी खेल, सुलह कराने गए 2 रिश्तेदारों की चाकुओं से गोदकर हत्या