1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. मध्य प्रदेश के रीवा में महंत, सहयोगियों पर नाबालिग से रेप का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

मध्य प्रदेश के रीवा में महंत, सहयोगियों पर नाबालिग से रेप का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 30, 2022 04:16 pm IST,  Updated : Mar 30, 2022 04:16 pm IST

पुलिस के अनुसार इसके बाद महंत ने पीड़िता के साथ कमरे में दरिंदगी की और घटना के बारे में किसी को बताने के लिए जान से मारने की धमकी दी।

Rewa Rape Case, Rewa Mahant Rape Case, Mahant Rape Case- India TV Hindi
Representational Image. Image Source : PTI

Highlights

  • रीवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी एक महंत है, जो कथावाचक है।
  • महंत के सहयोगी नाबालिग लड़की को बहला-फुसला कर सर्किट हाउस लाये और वहां उसके साथ दरिंदगी की गयी।
  • सर्किट हाउस के कमरे में महंत और उसके सहयोगियों ने शराब पी और इस लड़की को भी जबरदस्ती शराब पिलाई।

रीवा: मध्य प्रदेश में रीवा के एक सरकारी सर्किट हाउस में एक नाबालिग लड़की से कथित रूप से रेप करने को लेकर महंत एवं उसके कुछ सहयोगियों पर मामला दर्ज किया गया है। रीवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने बुधवार को बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी एक महंत है, जो कथावाचक है और सर्किट हाउस के जिस कमरे में यह घटना हुई, वह कमरा उसी के नाम से बुक था। उन्होंने कहा कि महंत के सहयोगी नाबालिग लड़की को बहला-फुसला कर 28 मार्च को सर्किट हाउस लाये और वहां उसके साथ दरिंदगी की गयी।

‘कार से कूदकर भाग निकली लड़की’

वर्मा ने बताया कि इस सर्किट हाउस के कमरे में महंत और उसके सहयोगियों ने शराब पी और इस लड़की को भी जबरदस्ती शराब पिलाई। पुलिस के अनुसार इसके बाद महंत ने पीड़िता के साथ कमरे में दरिंदगी की और घटना के बारे में किसी को बताने के लिए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस अधिकारी का कहना है कि महंत के सहयोगियों ने बाहर से कमरे को बंद कर ताला लगा दिया था। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद महंत के सहयोगी इस लड़की को दूसरे स्थान ले जा रहे थे, उसी वह कार से कूद कर उनके चंगुल से बच निकली।

‘महंत एवं अन्य आरोपियों पर केस दर्ज’
वर्मा ने कहा कि इसके बाद लड़की ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वर्मा ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि महंत एवं उसके अन्य सहयोगी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने महंत एवं अन्य आरोपियों पर आईपीसी एवं पॉक्सो कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

कमलनाथ ने कहा- कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो
घटना ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है और सूबे के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार पर जोरदार हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘मध्य प्रदेश के रीवा में सर्किट हाउस में एक नाबालिग छात्रा से एक कथावाचक एवं अन्य लोगों द्वारा गैंगरेप की घटना बेहद निंदनीय। कैसे इन लोगों को सर्किट हाउस आवंटित हुआ? कैसे उसमें शराब पार्टी हुई? यह जांच का विषय है। अपराधियों पर, दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।