महाराष्ट्र पुलिस ने ठाणे जिले में एक व्यक्ति की हत्या करने के बाद 13 साल से फरार 34 वर्षीय आरोपी को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि मीरा-भायंदर वसई-विरार (MBVV) पुलिस की एक टीम ने 2012 के एक हत्या मामले में गोविंद कुमार जगतनारायण चौधरी को नई दिल्ली के नया बाजार से पकड़ा है।
मुंह को टेप से बंद कर की थी हत्या
सीनियर पुलिस निरीक्षक प्रमोद बडख ने बताया कि गोविंद कुमार भयंदर के रहने वाले सुरेशकुमार सूर्यनारायण चौधरी (35) की हत्या के मामले में आरोपी था। साल 2012 में 28 मई की देर रात गोविंद ने अपने करीबी रिश्तेदार सुरेश कुमार का गला घोंट दिया, उसके मुंह को टेप से बंद कर दिया और मूसल से उस पर वार किया था।
चेहरे, छाती और पेट पर किए थे कई वार
सीनियर निरीक्षक ने कहा कि गोविंद कुमार ने चाकू एवं अन्य धारदार हथियार से सुरेश कुमार के चेहरे, छाती, पेट, हाथों आदि पर वार किया। आरोपी हत्या करने के बाद फरार हो गया और 13 साल तक गिरफ्तारी से बचता रहा।
आरोपी की मिली थी खुफिया जानकारी
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हमारी टीम ने तकनीकी विश्लेषण और महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी समेत कई मोर्चों पर काम किया, जिससे अंततः हमें आरोपी की पहचान गोविंद कुमार जगतनारायण चौधरी के रूप में करने में मदद मिली।’ उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। (भाषा के इनपुट के साथ)