1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. नोएडा: दलित परिवार पर हमले के आरोप में 24 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, कई को हिरासत में लिया गया

नोएडा: दलित परिवार पर हमले के आरोप में 24 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, कई को हिरासत में लिया गया

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 11, 2021 05:49 pm IST,  Updated : Oct 11, 2021 05:49 pm IST

नोएडा थाना रबूपुरा क्षेत्र के गांव कानपुर में रविवार को एक दलित परिवार पर हमले में चार महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने 24 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

नोएडा: दलित परिवार पर...- India TV Hindi
नोएडा: दलित परिवार पर हमले के आरोप में 24 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, कई को हिरासत में लिया गया Image Source : INDIA TV

नोएडा (उत्तर प्रदेश): नोएडा थाना रबूपुरा क्षेत्र के गांव कानपुर में रविवार को एक दलित परिवार पर हमले में चार महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने 24 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) विशाल पांडे ने बताया कि कानपुर गांव में दलित समुदाय के लोग आंबेडकर जयंती को लेकर बैठक कर रहे थे, इसमें भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी पहुंचे थे। 

उन्होंने बताया कि बैठक के बाद ये लोग डीजे लेकर गली से यात्रा निकालने लगे और इसी दौरान दूसरे समुदाय के युवकों ने उनके साथ कहासुनी की और बात मारपीट तक पहुंच गई। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद मामला शांत हो गया लेकिन लगभग आधे घंटे बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार के साथ गांव निवासी रामविलास के परिवार पर हमला कर दिया। इसमें रामविलास के परिवार के सात लोग घायल हो गए। 

उन्होंने बताया कि इस मामले में पीड़ितों की शिकायत पर दस नामजद सहित 24 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर ने ट्वीट कर घटना की कड़ी निंदा की।

चंद्रशेखर ने लिखा, "रामराज्य में दलितों का संहार! ग्रेटर नोएडा के कानपुर गांव में बाबा साहेब का एक मीटिंग करने पर धारदार हथियारों से लैश विकास ठाकुर एवं अन्य करीब 100 ठाकुरों ने एक दलित परिवार पर जानलेवा हमला किया। महिला सहित कई लोग घायल हैं। दो अन्य की स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है।'

एक अन्य ट्वीट में चंद्रशेखर ने लिखा, "महिला आयोग, SC आयोग और उत्तर प्रदेश के DGP अपने जिंदा होने प्रमाण दें। योगी सरकार खुले तौर पर दलितों का दमन कर करने पर उतारू है। और कितनी लाशों का इंतजार है साहब? सरकार जल्द ही बदलेगी। हम एक एक जुल्म को याद रखेंगे।"

चंद्रशेखर ने यह ट्वीट रविवार रात को किए थे। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दस नामजद सहित 24 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।