महाराष्ट्र में ठाणे जिले के कल्याण में रेहड़ी-पटरी पर मोमोज का व्यापार शुरू करने के लिए बुजुर्ग महिला की हत्या करने के आरोप में एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि रंजना पाटेकर (60) की उनके अंबिवली स्थित घर में 20 मार्च को हत्या कर दी गई थी। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। उन्होंने बताया, ‘‘हमारी जांच के निशाने पर अकबर मोहम्मद शेख उर्फ चांद (30) था। वह पानी पीने के बहाने पाटेकर के घर पहुंचा था। जब उसे लगा कि पाटेकर अकेली हैं तो वह घर के अंदर चला गया और टीवी की आवाज तेज करके उनकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद चांद बुजुर्ग महिला की एक लाख रुपये मूल्य की सोने की बालियां लेकर फरार हो गया।’’
मोमोज का ठेला लगाने के लिए किया अपराध
पुलिस उपायुक्त अतुल जेंडे ने कहा, ‘‘खडकपाडा पुलिस थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में चांद को आठ महीने पहले अधरवाडी जेल से रिहा किया गया था। तब से वह बेरोजगार था और मोमोज बेचने का ठेला लगाना चाहता था।’’ खडकपाडा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अमरनाथ वाघमोडे ने बताया कि अपराध के कई मामलों में शामिल चांद को शुक्रवार को अटाली इलाके से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से चोरी की बालियां भी बरामद कर ली गईं। बता दें कि इससे पहले एक दूसरे मामले में मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक शख्स ने अपनी पत्नी के गले सहित शरीर में कई जगहों पर कैंची घोप दी। इस घटना में पत्नी की मौत हो गई। वहीं आरोपी पति घटना को अंजाम देने के बाद भाग कर छत पर पहुंचा।
पति ने कैंची घोंपकर की पत्नी की हत्या
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने तीसरी मंजिल से उसने नीचे छलांग लगा दी। छत से गिरने के बाद बुजुर्ग व्यक्ति की भी मौत हो गई। वहीं पुलिस का कहना है कि पारिवारिक कलह की वजह से उसने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) शिवेंदु जोशी ने बताया कि पूरा मामला अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की सिल्वर पैलेस कॉलोनी का है। यहां ताराचंद खत्री (70) ने अपनी पत्नी सीमा खत्री (65) के गले और दूसरे अंगों पर कैंची से कई बार घातक हमला किया। इस हमले में सीमा खत्री की मौत हो गई। उन्होंने बताया, ‘‘शोर सुनकर ताराचंद की बहू जब मौके पर पहुंची और उसने अपने ससुर के हाथ में कैंची देखी। इस पर ताराचंद भागता हुआ घर की तीसरी मंजिल पर गया और छत से छलांग लगा दी।’’
(इनपुट-भाषा)