सीतामढ़ीः बिहार के सीतामढ़ी जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। डुमरा थाना क्षेत्र के भीसा चौक पर कुख्यात अपराधी रामबाबू राय की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल कायम हो गया।
हत्या, लूट, अपहरण, डकैती समेत कई मामले थे दर्ज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामबाबू राय पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिससे मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक रामबाबू राय पर हत्या, लूट, अपहरण, डकैती समेत दर्जनों संगीन आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज थे, जिसके कारण वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।
वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। आपसी रंजिश, गैंगवार या पुरानी दुश्मनी समेत हर एंगल से मामले की तफ्तीश की जा रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पिता ने कर दी बेटी की हत्या
वहीं, बांका टाउन थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की नृशंस हत्या के मामले का बांका पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। इस जघन्य हत्याकांड में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि मृतका की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके अपने पिता और भाई ने मिलकर की थी। प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने अपने पुत्र के साथ मिलकर बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी। यह मामला ऑनर किलिंग का बताया जा रहा है, जिसने न केवल कानून व्यवस्था बल्कि समाज की संवेदनशीलता को भी झकझोर कर रख दिया है।
रिपोर्ट- सौरभ, सीतामढ़ी