1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. ओडिशा : कटक के पास जंगल में मिला महिला क्रिकेटर का शव, परिवार ने हत्या का लगाया आरोप

ओडिशा : कटक के पास जंगल में मिला महिला क्रिकेटर का शव, परिवार ने हत्या का लगाया आरोप

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 13, 2023 06:08 pm IST,  Updated : Jan 13, 2023 06:08 pm IST

गुरूदिझाटिया जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला महिला क्रिकेटर राजश्री स्वांई का शव । परिवार ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गयी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

ओडिशा में महिला क्रिकेटर का शव मिला- India TV Hindi
ओडिशा में महिला क्रिकेटर का शव मिला Image Source : INDIA TV

भुवनेश्वर: ओडिशा की महिला क्रिकेटर राजश्री स्वांई का शव शुक्रवार को कटक के करीब घने जंगल में मिला। वह 11 जनवरी से लापता थी। राजश्री के परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। कटक के पुलिस कमिश्नर पिनाक मिश्रा ने कहा कि राजश्री स्वांई का शव अथागढ़ क्षेत्र में गुरूदिझाटिया जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला था। राजश्री के कोच ने बृहस्पतिवार को कटक में मंगलाबाग पुलिस थाने में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज करायी थी। उन्होंने कहा कि गुरूदिझाटिया पुलिस स्टेशन में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया जायेगा। पुलिस को अभी तक उनकी मौत के कारण का पता नहीं चला है। 

जंगल के पास मिला राजश्री का स्कूटर

हालांकि क्रिकेटर उनके परिवार ने हालांकि आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गयी है ‘‘क्योंकि उसके शरीर पर चोट के निशान थे और उसकी आंखों को भी नुकसान पहुंचाया गया था। ’’ राजश्री का स्कूटर जंगल के करीब मिला था और उनका मोबाइल फोन भी बंद था। पुलिस ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जायेगी। 

ट्रेनिंग शिविर में हिस्सा लेने गई थी राजश्री

उनके परिवार के सदस्यों ने कहा कि राजश्री सहित करीब 25 महिला क्रिकेटर ओडिशा क्रिकेट संघ (ओसीए) द्वारा बाजराकाबाटी क्षेत्र में आयोजित ट्रेनिंग शिविर का हिस्सा थीं जो पुडुचेरी में होने वाले आगामी राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट के लिये था। सभी एक होटल में ठहरी हुई थीं। ओडिशा राज्य महिला क्रिकेट टीम की घोषणा 10 जनवरी को की गयी थी लेकिन राजश्री अंतिम लिस्ट में शामिल नहीं थी। पुलिस ने कहा कि अगले दिन खिलाड़ी अभ्यास के लिये तांगी क्षेत्र में क्रिकेट मैदान में गयीं लेकिन राजश्री ने अपने कोच को बताया कि वह अपने पिता से मिलने के लिये पुरी जा रही हैं।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।