1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. आधी रात बॉयफ्रेंड के साथ आपत्तिजनक स्थिति में थी मां, बेटे ने प्रेमी को मारकर खेत में गाड़ दिया

आधी रात बॉयफ्रेंड के साथ आपत्तिजनक स्थिति में थी मां, बेटे ने प्रेमी को मारकर खेत में गाड़ दिया

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 24, 2025 06:09 pm IST,  Updated : May 24, 2025 06:12 pm IST

बिहार के मुजफ्फरपुर में युवक को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि युवक ने अपने मां के प्रेमी को मारकर खेत में गाड़ दिया था।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : INDIA TV

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक बेटे ने अपनी मां के अवैध संबंध से नाराज होकर प्रेमी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को खेत मे दफना दिया। आरोपी युवक अविनाश छाजन गांव का निवासी है और उसने 26 वर्षीय जीतू की हत्या कर शव को खेत में गाड़ दिया। पुलिस ने दो दिन पहले खेत से शव बरामद किया था।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मामला तुर्की थाना क्षेत्र का है। खेत मे मिले नरकंकाल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही एक युवक को गिरफ्तार किया है। सात मई से मृतक युवक लापता था। काफी खोजबीन करने पर जब कुछ पता नही चला तो मृतक की पत्नी ने 20 मई को थाने में गुमसुदगी की शिकायत दर्ज कराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। कंकाल को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। 

 मां और जीतू के बीच थे अवैध संबंध

बताया जा रहा है कि आरोपी अविनाश की मां और जीतू के बीच पिछले कई सालों से अवैध संबंध थे। जो अविनाश के लिए मानसिक पीड़ा का कारण बन गए थे। करीब पांच साल पहले अविनाश ने अपनी मां को जीतू के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा भी था। इस बात ने अविनाश को अंदर तक झकझोर दिया था। वह काफी तनाव में रहता था। जीतू के प्रति काफी आक्रोश था।

पुलिस पूछताछ में अविनाश ने बताया कि अपनी मां के अवैध संबंध से वह परेशान था। 7 मई की रात मेरे घर जीतू आया था। जीतू रात 12 बजे जबरन घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। उसे रोकने का प्रयास किया,लेकिन वह नहीं माना और वही पर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। 

मां के प्रेमी को मारकर खेत में गाड़ दिया

इसके बाद जीतू घर से भागकर खेत की ओर चला गया। अविनाश ने उसका पीछा किया और दोनों के बीच खेत में मारपीट होने लगी। गुस्से में आकर अविनाश ने खेत मे रखे बांस के डंडे उठाया और जीतू के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल होकर खेत में गिर पड़ा और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। किसी को भनक नहीं लगे इसलिए अविनाश घर गया वहां से कुदाल लेकर आया। वहीं पर गड्ढा खोदा फिर शव को खेत में ही दफना दिया और मृतक का मोबाइल तोड़कर झाड़ी में फेंक दिया।

जीतू की पत्नी ने दर्ज कराई थी शिकायत

घर नहीं पहुचने पर जीतू की पत्नी ने काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नही चला। जीतू की पत्नी ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। दो दिन पहले जीतू का शव ग्रामीणों ने देखा। गांव वालों की सूचना पर जब पुलिस ने खेत की खुदाई की तो मिट्टी से एक पैर बाहर निकला दिखाई दिया। खुदाई के बाद शव मिला, जिसकी पहचान जीतू के कपड़ों और बेल्ट से की गई। जांच के दौरान अविनाश की भूमिका सामने आई। उसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त कुदाल और मोबाइल बरामद किया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

एसडीपीओ अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि मृतक की पत्नी ने 20 मई को पति के लापता होने का का आवेदन सौपा था। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि जीतू राम का एक महिला से अवैध संबंध था। छह साल पहले भी महिला के साथ गलत हरकत करते युवक को कुछ लोगों ने पकड़ा था। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 

रिपोर्ट- संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।