उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बुधवार देर शाम हुए मनीष हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी महिला सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मनीष की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी ने करवाई थी। मनीष की हत्या पत्नी काजल के प्रेमी और एक अन्य सहयोगी ने की थी। मनीष हत्याकांड में पत्नी काजल भी वारदात के समय प्रेमी के साथ मौजूद थी।
पुलिस ने हत्याकांड में प्रयुक्त किए गए बांके, खून से सने कपड़े, दो मोबाइल सहित पत्नी काजल की स्कूटी को बरामद किया है। हत्याकांड के खुलासे के बाद पत्नी और उसका प्रेमी अजीत अब जेल की सलाखों के पीछे हैं।
मायके में ही रहती थी काजल
मामला कमलापुर थाना क्षेत्र के निजामाबाद का है। महोली कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले मनीष की शादी निजामाबाद के रहने वाले कपिल मिश्रा की बड़ी बेटी के साथ हुई थी, लेकिन पत्नी की मौत के बाद घर वालों ने उसकी छोटी बहन काजल से मनीष की दूसरी शादी करवा दी। मनीष की काजल के साथ करीब चार साल पहले शादी हुई थी। दोनों की एक बच्ची भी है। शादी के बाद काजल अपने पिता के घर ही रहती थी। ससुराल महोली बहुत ही कम जाती थी।
26 नवंबर को हुई घटना
बुधवार 26 नवंबर को मनीष अपनी पुत्री को देखने ससुराल निजामाबाद आया हुआ था। मनीष को छोड़ने उसकी पत्नी काजल रात में जब स्कूटी से बस स्टैंड छोड़ने जा रही थी, तभी बरईखेड़ा के पास अज्ञात हमलावरों ने मनीष पर जानलेवा हमला कर दिया था। धारदार हथियार के हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। पत्नी काजल की सूचना पर पुलिस ने घायल मनीष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान मनीष की मौत हो गई।
पूछताछ में काजल ने स्वीकारी गलती
काजल रात में ही पति पर हुए जानलेवा हमला के रिपोर्ट कराने थाने पहुंची थी। काजल की बातों को सुनने के बाद पुलिस को घटना को लेकर कुछ संदेह हुआ। एसएचओ कमलापुर इतुल चौधरी ने पत्नी काजल से जब कड़ाई के साथ पूछताछ की तो वह टूट गई और प्रेमी अजीत सहित एक अन्य सहयोगी के साथ घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
लंबे समय से चल रहा प्रेम प्रसंग
काजल का प्रेमी अजीत से काफी समय से प्रेम संबंध चला आ रहा है। दोनों के प्रेम संबंध में मनीष लगातार बाधा बन रहा था।मनीष को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी काजल ने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची और बुधवार रात घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने काजल और उसके प्रेमी अजीत की निशादेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका, खून से सने कपड़े, दो मोबाइल सहित काजल की स्कूटी को बरामद किया। पुलिस ने काजल और उसके प्रेमी अजीत को जेल भेज दिया है।
(सीतापुर से मोहित मिश्र की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-