1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में वसूली के आरोपी 7 पुलिसकर्मी खुद वीडियो वायरल कर फंसे, डीसीपी ने थमाया नोटिस, होगी विभागीय कार्रवाई

कानपुर में वसूली के आरोपी 7 पुलिसकर्मी खुद वीडियो वायरल कर फंसे, डीसीपी ने थमाया नोटिस, होगी विभागीय कार्रवाई

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Nov 26, 2025 03:52 pm IST,  Updated : Nov 26, 2025 03:57 pm IST

कानपुर में वसूली करने के आरोपी सात पुलिसकर्मियों को डीसीपी ने नोटिस थमा दिया है। अब सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है।

कानपुर में वसूली के आरोपी 7 पुलिसकर्मी खुद वीडियो वायरल कर फंसे- India TV Hindi
कानपुर में वसूली के आरोपी 7 पुलिसकर्मी खुद वीडियो वायरल कर फंसे Image Source : REPORTER

कानपुरः कानपुर के महाराजपुर थाने में गिट्टी-मौरंग कारोबारी से कथित वसूली के मामले में सात पुलिसकर्मियों को तो क्लीन चिट मिल गई, लेकिन एक-दूसरे को बदनाम करने के चक्कर में अब सभी मुसीबत में फंस गए हैं। जांच में सामने आया है कि ये सभी पुलिसकर्मी आपस में एक-दूसरे के खिलाफ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर रहे थे। अब इन सभी को नोटिस थमा दिया गया है और जल्द ही विभागीय कार्रवाई होगी।  

क्या था मामला  

दरअसल, सरसौल के रहने वाले शीलू यादव ने आरोप लगाया था कि 18 सितंबर को सरसौल चौकी के पास दो अंडर-ट्रेनी सब-इंस्पेक्टर ने उन्हें रोका और जुआ खेलने व अवैध खनन का झूठा केस लगाकर जेल भेजने की धमकी दी। 2 लाख रुपये की मांग की गई, जो बाद में 50 हजार में सेटल हुई। शीलू ने 26 हजार रुपये दे दिए, लेकिन बाकी पैसे के लिए पुलिसकर्मी बार-बार घर आने लगे। परेशान होकर शीलू ने वीडियो वायरल कर दिया और खुदकुशी तक की धमकी दे डाली।  

 ACP की जांच के बाद सभी लाइन हाजिर

मामला तूल पकड़ा तो डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने जांच ACP कैंट आकांक्षा पांडे को सौंपी। जांच में सब-इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार, आशीष, विष्णु कुमार, रवि शंकर, शैलेंद्र सिंह और कांस्टेबल बंटी कुमार व सुल्तान सिंह की भूमिका संदिग्ध लगी। 25 सितंबर को सभी सात को लाइन हाजिर कर दिया गया।  

डीसीपी ने थमाया नोटिस

अब ACP कैंट की अंतिम रिपोर्ट में वसूली का कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला, यानी क्लीन चिट तो मिल गई, लेकिन सभी सात पुलिसकर्मी एक-दूसरे के खिलाफ वीडियो वायरल करने के दोषी पाए गए। सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। कुछ ने जवाब दे दिया, कुछ का अभी इंतजार है। जवाब मिलते ही विभागीय कार्रवाई शुरू हो जाएगी।  फिलहाल इस मामले की चर्चा इलाके में जोर-शोर से है।

रिपोर्ट : अनुराग श्रीवास्तव, कानपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।