Monday, February 16, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. ओडिशा: दोस्त के घर बर्थडे का केक काटने जा रही थी युवती, दो आरोपियों ने रास्ते में किया गैंगरेप, जांच में जुटी पुलिस

ओडिशा: दोस्त के घर बर्थडे का केक काटने जा रही थी युवती, दो आरोपियों ने रास्ते में किया गैंगरेप, जांच में जुटी पुलिस

Edited By: Amar Deep Published : Jul 22, 2025 10:41 am IST, Updated : Jul 22, 2025 12:22 pm IST

ओडिशा में दो आरोपियों ने युवती के साथ गैंगरेप किया। युवती अपनी दोस्त के घर बर्थडे का केक काटने जा रही थी। इसी दौरान बदमाशों ने उसे बीच रास्ते में घेर लिया और घटना को अंजाम दिया।

दो युवकों ने पीड़िता से किया गैंगरेप।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दो युवकों ने पीड़िता से किया गैंगरेप।

ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां सोमवार रात एक युवती के साथ दो आरोपियों ने कथित रूप से गैंगरेप किया। हादसे के बाद, पीड़िता खून से लतपथ हालत में अपने घर पहुंची और अपने परिजनों को पूरी बात बताई। यह शर्मनाक घटना उसके घर से केवल 400 मीटर की दूरी पर घटी थी। फिलहाल पीड़िता जिला मुख्यालय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के पिता ने जगतसिंहपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

सहेली के साथ जा रही थी दोस्त के घर

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता अपनी एक महिला दोस्त के साथ रात करीब 8 बजे अपने घर से पास के गांव में एक रिश्तेदार के बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए निकली थी। जल्दी पहुंचने के लिए दोनों खेत के रास्ते से शॉर्टकट ले रही थीं। इसी दौरान, खेतों के बीच में दो युवक उनके सामने आ गए और रास्ता रोक लिया। जैसे ही स्थिति बिगड़ती दिखी, पीड़िता की दोस्त वहां से भाग निकली, लेकिन पीड़िता को दोनों युवक एक सुनसान जगह पर खींच कर ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया।

जांच के लिए टीम गठित

जगतसिंहपुर के एसपी भवानी शंकर उद्गता ने कहा, "हमारे जगहतसिंहपुर के टाउन थाने में एक शिकायत दर्ज हुई है। मामले की जांच अभी जारी है। पीड़िता के पिता ने अपने एफआईआर में बताया है कि 2 अंजान आरोपियों ने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। शिकायत के आधार पर हमने एक टीम का गठन किया था। हमने आरोपियों की पहचान कर ली है। 1 आरोपी को हमने हिरासत में ले भी लिया है। उससे पूछताछ जारी है। हम दूसरे आरोपी को भी आज पकड़ लेंगे। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद उनका मेडिकल करा कर उन्हें कोर्ट भेज दिया जाएगा। आरोपी भाग कर पड़ोसी जिला चले गए थे। हमने वहीं से उसे हिरासत में लिया है।" 

एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

एसपी ने आगे कहा, "प्राथमिक जांच में डॉक्टरों और बाकी लोगों से हमें पता चला है कि पीड़िता के साथ जबरदस्ती और दुष्कर्म किया गया है। हम आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच भी कर रहे हैं। पीड़िता का स्वास्थ्य अभी थोड़ा ठीक है। स्पॉट से साइंटिफिक टीम ने कई सुराग पाए हैं जो अभी सार्वजनिक नहीं किए जा सकते। हमारी लेडीज इंस्पेक्टर अभी पीड़िता के पास जा कर उनका बयान रिकॉर्ड करेंगी। प्राथमिक जांच के आधार पर ही 2 आरोपियों की पहचान की गई जिनमें से एक को हिरासत में ले लिया गया है और दूसरे आरोपी को पकड़ने की कोशिश लगातार जारी है।"

स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसे पुलिस आरोपियों में से किसी एक का मान रही है। पुलिस के शुरूआती जांच से पता चला है कि आरोपी किसी नजदीकी गांव के रहने वाले हैं। इस मामले में पीड़िता के साथ गई दोस्त और उसकी मां से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है। 

पीड़िता के पिता का बयान

पीड़िता के पिता ने कहा, "मेरी बेटी अपने दोस्त के जन्मदिन पर केक काटने उसके घर गई थी। उसकी एक दोस्त उसे बुलाकर ले गई थी। मेरी बेटी के मना करने पर भी वह उसे अपने साथ ले गई। उसने जाते वक्त अपनी दोस्त से पूछा भी कि हम मुख्य रस्ते से न जा कर खेतों के बीच से क्यों जा रहे हैं? तो उसकी दोस्त ने कहा कि यह शॉर्टकट है। इतने में ही वहां से 2 युवकों ने जबरदस्ती मेरी बेटी को पकड़ लिया और उसका मुंह बंद कराकर उसे अपने साथ ले गए। जब तक मेरी बेटी किसी तरह से बच कर हमारे पास पहुंची तब तक वो लगभग बेहोश हो चली थी। मैं उन दोनों युवकों को नहीं जानता। मेरी बेटी उनके बारे में बता पाएगी। घटना शाम के लगभग 7.30 की है।"

विधायक ने न्याय का दिया भरोसा

जगतसिंहपुर के विधायक अमरेंद्र दास ने कहा, "एसपी के साथ मेरी बातचीत हुई है। जो कोई भी दोषी हो, बक्शा नहीं जाएगा। एक्शन लेना शुरू कर दिया गया है। पुलिस टीम जांच के लिए निकल चुकी है। बहुत जल्द दोषियों को पकड़ लिया जाएगा। जो कोई भी दोषी हो, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल में अभी पीड़िता का इलाज चल रहा है। जिस लड़की ने पीड़िता को बुलाया था और अपने साथ ले गई थी, उससे भी पूछताछ शुरू कर दी गई है। मेरा दृढ़ विश्वास है बहुत जल्द मामले की जड़ तक पहुंचा जाएगा।" (इनपुट- शुभम कुमार)

Latest Crime News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement