1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. डोम्बिवली सामूहिक बलात्कार मामले में दो और गिरफ्तार, सभी 33 आरोपी धरे गये

डोम्बिवली सामूहिक बलात्कार मामले में दो और गिरफ्तार, सभी 33 आरोपी धरे गये

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 27, 2021 10:33 pm IST,  Updated : Sep 27, 2021 10:34 pm IST

पुलिस ने बताया था कि ठाणे जिले के डोम्बिवली, बादलपुर, मुरबाद और रबाले में इस साल जनवरी से सितंबर के बीच कई बार बलात्कार किया गया था।

Two more arrested in Dombivli gangrape case, all 33 accused arrested- India TV Hindi
ठाणे शहर में नाबालिग लड़की से बार बार सामूहिक बलात्कार करने के आरोप में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। Image Source : FILE

ठाणे: ठाणे शहर में 15 साल की एक नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करने और उससे बार बार सामूहिक बलात्कार करने के आरोप में सोमवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। इस मामले में अब उन सभी 33 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है जिसका नाम पीड़ित लड़की ने लिया था। मामले में दोनों आरोपियों के पकड़े जाने के बाद, गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 31 हो गई है। इससे पहले मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया था। 

पुलिस ने बताया कि सभी 33 आरोपियों को पकड़ने के लिये चार टीमों का गठन किया गया था, और सोमवार को मामले के अंतिम दो वांछितों को सोमवार को पकड़ लिया गया। ठाणे पुलिस ने इस सामूहिक बलात्कार मामले की जांच के लिये एक महिला पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया था। यह अपराध 22 सितंबर को प्रकाश में आया था जब पीड़िता ने डोम्बिवली के मनपाड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी।

पुलिस ने बताया था कि ठाणे जिले के डोम्बिवली, बादलपुर, मुरबाद और रबाले में इस साल जनवरी से सितंबर के बीच कई बार बलात्कार किया गया था। लड़की की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) , 376 (न) (बार बार बलात्कार), 376 (द) (सामूहिक बलात्कार), 376 (3) (16 साल से कम उम्र की महिला का बलात्कार) तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि कुछ आरोपियों ने उसके साथ यौन शोषण की तस्वीरों और वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था और उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे थे।

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।