1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बहन की मौत का गुस्सा जीजा पर निकाला, घर से उठा ले गया, किया ऐसा हाल कि लाश देख कांप उठे लोग

बहन की मौत का गुस्सा जीजा पर निकाला, घर से उठा ले गया, किया ऐसा हाल कि लाश देख कांप उठे लोग

 Published : Apr 30, 2026 08:56 am IST,  Updated : Apr 30, 2026 08:56 am IST

उदयपुर में एक भाई ने अपनी बहन की मौत का बदला इतने क्रूर तरीके से लिया कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक ने अपने जीजा को घर से 15 किमी दूर जंगल ले जाकर पत्थर से कुचलकर मार डाला।

बहन की मौत के बाद भाई...- India TV Hindi
बहन की मौत के बाद भाई ने जीजा को उतारा मौत के घाट (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Source : PTI

उदयपुर में एक साले ने जीजा की हत्या कर दी। साले को शक था कि जीजा ने उसकी बहन की हत्या की है। बहन की मौत का बदला लेने के लिए उसने जीजा को किडनैप किया और 15 किलोमीटर दूर जंगल में पत्थर से सिर कुचलकर मार डाला। ग्रामीणों ने युवक की किडनैपिंग की सूचना पुलिस को दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही साला और उसका साथी, युवक को मारकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया। DSP विवेक सिंह राव ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। गांव में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।

'घर में तोड़फोड़, पुलिस वीडियो बनाती रही'

ग्रामीणों ने बताया कि चोखला बारा निवासी पारू (25) पत्नी पिंटूलाल वडेरा की 24 अप्रैल को तबीयत खराब हो गई थी। उसे परिजन ओगणा अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया, जहां 27 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे उसने दम तोड़ दिया। पारु की मौत के बाद उसके परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। मंगलवार शाम को 10 से ज्यादा लोग चौखला बारा गांव पहुंचे। ससुराल वालों के आने का पता लगने पर पिंटू वडेरा गांव से भाग गया। ग्रामीणों ने बताया कि पिंटू के ससुराल के लोगों ने उसके घर में जमकर तोड़फोड़ की। सूचना पर ओगणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पिंटू के ससुराल वाले पुलिस के सामने भी घर में तोड़फोड़ करते रहे। पुलिस उनको रोकने के बजाय मोबाइल से रिकॉर्डिंग करती रही।

साले ने किया किडनैप, जंगल में हत्या

ग्रामीणों ने बताया कि मृतका पारु का भाई करण अपने कुछ साथियों के साथ हथियार लेकर बुधवार सुबह 9 बजे चोखला बारा गांव पहुंचा। इन लोगों ने घर से पिंटू को किडैनप किया और 15 किलोमीटर दूर अंबावी उपरेटा के जंगल में ले गया। इसी बीच गांव के लोगों ने पुलिस को किडनैपिंग की सूचना दी। पुलिस पिंटू की तलाश करते हुए जंगल पहुंची, लेकिन करण ने पत्थर से कुचलकर पिंटू की हत्या कर दी। पुलिस को पिंटू का शव जंगल में पड़ा मिला। पिंटू का साला और उसके साथी मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

पिंटू पर थी तीन भाई-बहनों की जिम्मेदारी 

मृतक पिंटू लाल के पिता भूरीलाल की करीब डेढ़ महीने पहले और मां की एक साल पहले मौत हो चुकी है। पिंटू सभी भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। माता-पिता की मौत के बाद पिंटू मजदूरी करके अपनी 16 साल और 14 साल की बहनों व 5 साल के भाई की जिम्मेदारी संभाल रहा था।

(रिपोर्ट- भगवान प्रजापत)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, चलती कार में आग लगने से पांच लोग जिंदा जले

4 साल की शादी, एक पल में खत्म! डंपर ने बाइक सवार सरकारी टीचर और पत्नी को उड़ाया, दोनों की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।