बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक युवक को अपने दोस्त की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने शनिवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी। सिंह ने बताया कि बुलंदशहर जिले के इमलिया गांव के रहने वाले भरत को उसके साथी अंकुश के साथ राजेंद्र (30) की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों राजेंद्र को अपने साथ शराब पिलाने और खाना खिलाने के बहाने ले गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उन लोगों ने राजेंद्र के भोजन में नींद की गोली मिला दी। उन्होंने बताया कि जब राजेंद्र सो गया तो दोनों ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और उसके शव को सुखे कुएं में फेंक दिया।
Related Stories
'दोस्त को मारने के बाद रची अपहरण की कहानी'
राजेंद्र की हत्या करने के बाद दोस्तों ने एक नई कहानी रचकर मामले को मोड़ने का प्रयास किया। वारदात को अंजाम देने के बाद उन लोगों ने पीड़ित के भाई को बुलाया और कहा कि राजेंद्र का कुछ अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है और उसे छोड़ने के बदले 7 लाख रुपये की मांग की है। जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी मिली कि राजेंद्र को अंतिम बार भरत और अंकुश के साथ देखा गया था। सिंह ने बताया कि सख्ती से पूछताछ करने पर भरत ने यह स्वीकार किया कि उसने ही राजेंद्र की हत्या की है क्योंकि वह उसे उसका पैसा वापस करने के लिए कह रहा था।
'गांव में ही किराने की दुकान चलाता था राजेंद्र'
अधिकारी ने बताया कि राजेंद्र गांव में ही किराने की दुकान चलाता था और भरत उसकी दुकान के सामने लोहे के कारखाने में काम करता था और दोनों में अच्छी दोस्ती थी। उन्होंने बताया कि राजेंद्र समय-समय पर पैसा उधार देकर उसकी मदद करता रहता था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब राजेंद्र ने अपना पैसा वापस मांगा तो भरत ने पैसा वापस नहीं किया और उसने अपने एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या करने की साजिश रची। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीड़ित का मोबाइल फोन आरोपियों के पास से बरामद कर लिया है।