1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शख्स को भारी पड़ा कमेंट करना, 4 महिलाओं ने मिलकर बुरी तरह पीटा

शख्स को भारी पड़ा कमेंट करना, 4 महिलाओं ने मिलकर बुरी तरह पीटा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 27, 2020 07:54 pm IST,  Updated : Sep 27, 2020 07:54 pm IST

महिलाओं के बारे में कथित तौर पर अशोभनीय वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले इस शख्स को 4 महिलाओं ने मिलकर धुन दिया।

Women Beat Man, Women Beat Man Kerala, Women Beat Man Derogatory- India TV Hindi
वीडियो अपलोड करने वाले विजय पी नायर ने मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के डबिंग आर्टिस्ट्स और राज्य की फेमिनिस्ट्स पर अशोभनीय टिप्पणी की थी। Image Source : FACEBOOK.COM/SREELAKSHMI.ARACKAL

तिरुवनंतपुरम: एक शख्स को वीडियो में कुछ महिलाओं के खिलाफ गलत भाषा में कमेंट करना भारी पड़ गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिलाओं के बारे में कथित तौर पर अशोभनीय वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले इस शख्स को 4 महिलाओं ने मिलकर धुन दिया। बाद में पुलिस ने शख्स से ‘मारपीट’ करने वाली चारों महिलाओं के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है। मारपीट करने वाली चारों महिलाओं में मलयालम की एक चर्चित डबिंग आर्टिस्ट भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इस शख्स ने वीडियो में भाग्यलक्ष्मी, तृप्ति देसाई, रेहाना फातिमा समेत कई महिलाओं के बारे में अशोभनीय टिप्पणियां की थीं।

विजय नायर ने बाद में मांग ली थी माफी

वीडियो अपलोड करने वाले विजय पी नायर ने मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के डबिंग आर्टिस्ट्स और राज्य की फेमिनिस्ट्स पर अशोभनीय टिप्पणी की थी। हालांकि बाद में उन्होंने अपनी टिप्पणियों के लिए माफी भी मांग ली थी। पुलिस ने बताया कि डबिंग कलाकार भाग्यलक्ष्मी और सामाजिक कार्यकर्ता दिया सना समेत चारों महिलाएं शनिवार को विजय पी नायर के कार्यालय पर पहुंचीं और अशोभनीय वीडियो अपलोड करने के कारण उनके मुंह को कालिख से पोत दिया। महिलाओं ने उनके साथ ‘मारपीट’ की और उनका लैपटॉप, मोबाइल फोन और कंप्यूटर का हार्ड ड्राइव निकालकर पुलिस को सौंप दिया।

भाग्यलक्ष्मी ने कहा, मैं शान से जेल जाऊंगी
महिलाओं ने नायर के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद एक मामला दर्ज कर लिया गया। जवाब में नायर ने भी महिलाओं के खिलाफ शिकायत दी है। दिया सना ने शनिवार शाम सोशल मीडिया पर इस घटना की लाइव स्ट्रीमिंग की जिसमें महिलाएं नायर पर हमला करते हुए नजर आईं। मामला दर्ज होने पर भाग्यलक्ष्मी ने कहा, ‘इस मामले में मैं शान से जेल जाऊंगी। उन्होंने (नायर) महिलाओं के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की थी। हमने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी लेकिन कुछ नहीं हुआ।’ अपने वीडियो में नायर ने भाग्यलक्ष्मी, तृप्ति देसाई, रेहाना फातिमा समेत कई महिलाओं के बारे में ‘अपमानजनक’ टिप्पणी की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।