1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. मध्य प्रदेश: दूसरी जाति की लड़की से दोस्ती करने पर युवक के साथ मारपीट

मध्य प्रदेश: दूसरी जाति की लड़की से दोस्ती करने पर युवक के साथ मारपीट

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 01, 2021 09:20 pm IST,  Updated : Jun 01, 2021 09:20 pm IST

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक दलित युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है।

Youth Beaten, Youth Beaten Friendship, Youth Beaten Girl Friendship- India TV Hindi
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक दलित युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। Image Source : INDIA TV GRAPHICS

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक दलित युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप हैं कि किसी अन्य जाति की लड़की से दोस्ती होने की वजह से लड़की के परिजनों ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) रवि चौहान ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद लड़की के परिवार के 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

‘उपहार में दिया था मोबाइल फोन’

अधिकारी ने बताया कि बुफवानी गांव के रहने वाले युवक की अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) परिवार की एक लड़की से दोस्ती थी और उसने हाल ही में लड़की को एक मोबाइल फोन भी उपहार में दिया था। चौहान के अनुसार जब लड़की के परिवार वालों को इस बात की जानकारी लगी तो उन्होंने 22 मई को दलित युवक और उसके चचेरे भाई को फोन कर अपने घर बुलाया और दोनों युवकों की कथित तौर पर जमकर पिटाई की। उन्होंने कहा कि इसके बाद लड़की के परिवार वालों ने दलित युवक को जूतों की माला पहनने के लिए मजबूर किया।

‘घटना का वीडियो हुआ था वायरल’
सीएसपी ने बताया कि आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया जो कि बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित युवक ने गत सप्ताह चारगवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 324 (हमला), 506 (आपराधिक धमकी) तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।