1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली सरकार के 2 नए मंत्रियों ने ली शपथ, सौरभ भारद्वाज और आतिशी को मिले ये मंत्रालय

दिल्ली सरकार के 2 नए मंत्रियों ने ली शपथ, सौरभ भारद्वाज और आतिशी को मिले ये मंत्रालय

 Reported By: Bhaskar Mishra Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Mar 09, 2023 04:05 pm IST,  Updated : Mar 09, 2023 04:49 pm IST

सौरभ भारद्वाज और आतिशी सिंह ने दिल्ली सरकार के मंत्री पद की शपथ ले ली है। सौरभ को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। उन्हें नगर विकास, जल और उद्योग मंत्रालय भी दिया गया है। वहीं आतिशी को शिक्षा, PWD,ऊर्जा और पर्यटन की जिम्मेदारी दी गई है।

Saurabh Bhardwaj And Atishi- India TV Hindi
सौरभ भारद्वाज और आतिशी सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली Image Source : ANI

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार के 2 नए मंत्रियों ने आज शपथ ले ली है। सौरभ भारद्वाज और आतिशी सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली है। बता दें कि सौरभ भारद्वाज को दूसरी बार कैबिनेट में जगह मिली है, वहीं आतिशी सिंह पहली बार कैबिनेट में शामिल हुई हैं। 

सौरभ भारद्वाज  को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। उन्हें नगर विकास, जल और उद्योग मंत्रालय भी दिया गया है। वहीं आतिशी को शिक्षा, PWD,ऊर्जा और पर्यटन की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा ये बात भी सामने आई है कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री का पद किसी को नहीं दिया जाएगा।

क्या है सौरभ की प्रोफाइल?

सौरभ भारद्वाज केजरीवाल-1 कैबिनेट में परिवहन मंत्री थे और इस समय दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष हैं। वह दिल्ली के ग्रेटर कैलाश से तीसरी बार विधायक बने हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में भी काम किया।

सौरभ ने ओस्मानिया यूनिवर्सिटी से एलएलबी की पढ़ाई भी की है। इस बात की पहले से चर्चा थी कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग दिया जा सकता है क्योंकि सत्येंद्र जैन के जेल जाने के बाद से ये पद खाली था। सत्येंद्र जैन मई 2022 में गिरफ्तार हुए थे। ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार किया था।

आतिशी सिंह कौन हैं?

आतिशी सिंह कालकाजी सीट से आम आदमी पार्टी की विधायक हैं। वह शिक्षा मंत्रालय में सिसोदिया की पूर्व सलाहकार थीं। दिल्ली के स्कूलों में बदलाव को लेकर उनका अहम रोल रहा है। उन्होंने ही दिल्ली में हैप्पीनेस पाठशाला की शुरुआत की। 

आतिशी ने सेंट स्टीफेंस कॉलेज से बैचलर डिग्री हासिल की है। उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर्स की डिग्री हासिल की है। उन्हें दिल्ली कैबिनेट में पहली बार जगह मिली है। 

ये भी पढ़ें- 

राजस्थान: जयपुर में CM आवास के बाहर जबरदस्त हंगामा, राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा की तबीयत बिगड़ी

ED के समन को लेकर KCR की बेटी कविता का मोदी सरकार पर जोरदार हमला, सोनिया की तारीफों के बांधे पुल

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।