1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली मेट्रो के स्टाफ क्वार्टर में लगी भीषण आग, पति-पत्नी और मासूम बच्ची के जले हुए शव बरामद

दिल्ली मेट्रो के स्टाफ क्वार्टर में लगी भीषण आग, पति-पत्नी और मासूम बच्ची के जले हुए शव बरामद

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jan 06, 2026 09:56 am IST,  Updated : Jan 06, 2026 10:21 am IST

दिल्ली मेट्रो स्टाफ क्वार्टर में भीषण आग लगने की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में पति-पत्नी और एक मासूम बच्ची शामिल है। शवों की पहचान हो गई है।

Delhi Metro- India TV Hindi
दिल्ली मेट्रो स्टाफ क्वार्टर में भीषण आग लगी Image Source : ANI/REPRESENTATIVE PIC

नई दिल्ली: दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में दिल्ली मेट्रो स्टाफ क्वार्टर में भीषण आग लग गई है। इस घटना में एक पति-पत्नी और मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई है। तीनों के शव जली हुई हालत में बरामद हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

क्या है पूरा मामला? 

दमकल विभाग के मुताबिक, उन्हें रात को 2:39 पर डीएमआरसी क्वार्टर के घरेलू सामान में आग लगने की कॉल मिली थी, जिसके बाद 6 गाड़ियों को मौके पर आग बुझाने के लिए भेजा गया था। ये आग पांचवें फ्लोर पर लगी थी। इस आग में जब दमकल की टीम अंदर पहुंची तो वहां पर तीन लोगों के शव जली हालत में मिले। 

मृतकों की पहचान 42 साल के अजय, 38 साल की नीलम और 10 साल की जान्हवी के रूप में हुई है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। 

ये पूरी घटना दिल्ली के आदर्श नगर इलाके की है। बता दें कि मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास डीएमआरसी के क्वार्टर हैं। इस घटना में पति-पत्नी और एक बच्चे की जलने की वजह से मौत हुई है।

दिसंबर 2025 में भी आग लगने से हुई थी पति-पत्नी की मौत

दिसंबर 2025 के शुरुआती हफ्ते में दिल्ली के टिकरी कलां में एक दुकान में भीषण आग लगी थी। इस आग की वजह से 31 साल के व्यक्ति और उसकी पत्नी की दम घुटने से मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान विनीत और उसकी पत्नी रेनू के रूप में हुई थी।

मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों यूपी के शाहजहांपुर के रहने वाले थे। उनके 2 बेटे हैं, जिनकी उम्र 10 और 8 साल है। पति-पत्नी मिलकर दुकान चलाते थे।

जानकारी ये भी मिली कि जब दुकान में आग लगी तो पति-पत्नी बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही फंसे रह गए। इस दौरान दम घुटने से उनकी मौत हो गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।